कोल्हापुर में अध्यक्ष पद के चुनाव के बीच मुख्यमंत्री ने चार मनोनीत संचालकों की नियुक्ति का बचाव किया। महायुति और समविचारी आघाड़ी के बीच मुकाबला।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित बहुचर्चित गोकुल दूध संघ के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को अध्यक्ष पद के लिए मतदान हो रहा है और शाम तक नतीजे आने की उम्मीद है। चुनाव में महायुति और समविचारी आघाड़ी के बीच मुकाबला है। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गोकुल विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह इस संस्था के साथ मजबूती से खड़े हैं।
फडणवीस ने ऑफ रिकॉर्ड बातचीत में कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि चुनाव के बाद संघ में त्रिशंकु स्थिति बन गई थी। एक गुट के 13 और दूसरे गुट के 12 संचालक चुने गए थे। अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 14 सदस्यों का कोरम जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सरकार को संस्था पर कब्जा करना होता तो चुनाव के तुरंत बाद चार मनोनीत संचालक नियुक्त कर अपना नियंत्रण स्थापित कर सकती थी।
हाईकोर्ट ने अध्यादेश में कानूनी खामी नहीं मानी: फडणवीस
मुख्यमंत्री के मुताबिक, अध्यक्ष पद का चुनाव तीन बार टल चुका था। उस समय जिला उपनिबंधक (डीडीआर) के पास भी अधिकार थे और सरकार की समिति भी अस्तित्व में थी। लेकिन पहली बार ऐसी स्थिति बनी, जब दोनों गुटों के पास चुनाव कराने के लिए जरूरी कोरम नहीं था। इसके बाद सरकार ने चार संचालकों की नियुक्ति का फैसला लिया।
इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। फडणवीस ने कहा कि अदालत ने सरकार के अध्यादेश में कोई कानूनी खामी नहीं पाई। हालांकि, यह अंतरिम आदेश था। इसलिए अंतिम फैसला आने तक चारों मनोनीत संचालकों के वोट अलग रखने और चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने का निर्देश दिया गया। फिलहाल मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
‘मुद्दे को राजनीतिक रंग दे दिया गया’
फडणवीस ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट किया था कि अगर बंटी पाटील, हसन मुश्रीफ और सावकार आपस में बैठकर कोई फैसला करते हैं तो कानून के मुताबिक नियुक्तियां की जाएंगी। इसके बावजूद गोकुल के मुद्दे को राजनीतिक रंग दे दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोल्हापुर में इस मामले से जुड़े मतदाताओं की संख्या केवल पांच हजार है, लेकिन इसे राष्ट्रीय राजनीति का मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भी इस मामले में शामिल होने का जिक्र किया। फडणवीस ने अंत में दोहराया कि वह गोकुल दूध संघ के साथ मजबूती से खड़े हैं।
अध्यक्ष पद के चेहरे को लेकर महायुति में खींचतान
गोकुल के हालिया संचालक मंडल चुनाव में समविचारी आघाड़ी ने 25 में से 13 सीटें जीती थीं, जबकि महायुति समर्थित पैनल को 12 सीटें मिली थीं। समविचारी आघाड़ी की ओर से शशिकांत पाटील चुयेकर अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं।
वहीं, महायुति में अब तक अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। सहयोगी दलों के बीच खींचतान जारी है। यदि अध्यक्ष पद राष्ट्रवादी कांग्रेस के खाते में जाता है तो पूर्व विधायक राजेश पाटील का नाम आगे आ सकता है। इसके अलावा शिवसेना के शिंदे गुट के अजित नरके और भाजपा के चेतन नरके के नामों की भी चर्चा है।
चुनाव के दौरान गोकुल परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अब सभी की नजरें अध्यक्ष पद के नतीजे पर टिकी हैं।

