अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी; रिपोर्ट के मुताबिक दो नेशनल चेन में अब तक करीब 35 हजार टिकटों की बिक्री हो चुकी है
अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ यानी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की रिलीज का इंतजार अब खत्म होने वाला है। फिल्म 2 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और शुरुआती आंकड़े दर्शकों की दिलचस्पी की ओर इशारा कर रहे हैं।
‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ की सफलता के बाद तीसरे पार्ट को लेकर भी काफी चर्चा है। फिल्म की एडवांस बुकिंग में मिल रही प्रतिक्रिया ने मेकर्स और थिएटर चेन के लिए शुरुआती उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
एडवांस बुकिंग में बिके करीब 35 हजार टिकट
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने दो नेशनल चेन में अब तक करीब 35 हजार टिकट बेच लिए हैं। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि रिलीज तक नेशनल चेन में यह आंकड़ा करीब 45 हजार टिकट तक पहुंच सकता है।
फिल्म की रिलीज 2 अक्टूबर को हो रही है, जो इस साल शुक्रवार के साथ गांधी जयंती का सार्वजनिक अवकाश भी है। ऐसे में छुट्टी का फायदा फिल्म की ओपनिंग डे बुकिंग और दर्शकों की संख्या को मिल सकता है।
चार टिकट पर मिलेगी पावभाजी
दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए पीवीआर आईनॉक्स ने ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के साथ एक खास ऑफर भी पेश किया है। पीवीआर आईनॉक्स की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, फिल्म की चार टिकट खरीदने पर एक प्लेट पावभाजी मुफ्त दी जाएगी।
यह ऑफर पीवीआर आईनॉक्स की चुनिंदा प्रॉपर्टीज पर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है। ऑफर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर फैंस की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
विजय सालगांवकर के सामने इस बार बड़ी चुनौती
फिल्म के ट्रेलर में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आ रहे हैं। विजय अपने परिवार से जुड़े पुराने राज को कानून से बचाने की कोशिश करता है, लेकिन इस बार उसके सामने चुनौती पहले से कहीं बड़ी दिखाई गई है।
ट्रेलर में क्राइम ब्रांच के एसपी के रूप में जयदीप अहलावत की एंट्री होती है, जो विजय की चालाकी और उसके बनाए हुए खेल को समझने की कोशिश करते हैं। कहानी में पुलिस और विजय के बीच मुकाबला सिर्फ सबूतों और दिमागी चाल तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दोनों पक्षों के लिए यह अस्तित्व की लड़ाई बनता नजर आता है।
फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू और जयदीप अहलावत अहम भूमिकाओं में हैं। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के निर्देशन की जिम्मेदारी अभिषेक पाठक ने संभाली है और फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

