गूगल ने डिज्नी के स्वामित्व वाले किरदारों वाले AI वीडियो यूट्यूब से हटाना शुरू कर दिया है। जानिए क्यों और किन किरदारों वाले वीडियो प्रभावित हुए।
गूगल ने यूट्यूब से हटाए डिज्नी AI वीडियो
क्या है खबर?
गूगल ने डिज्नी के स्वामित्व वाले किरदारों वाले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो को यूट्यूब से हटाना शुरू कर दिया है। यह कदम डिज्नी की ओर से भेजे गए कॉपीराइट नोटिस के जवाब में उठाया गया है।
मुख्य रूप से AI वीडियो टूल वीओ से बनाए गए वीडियो हटाए जा रहे हैं, जिनमें मिकी माउस, डेडपूल, ‘स्टार वार्स’ और ‘द सिम्पसन्स’ जैसे किरदार शामिल हैं।
यूजर्स को अब यह मैसेज दिख रहा है
वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो के लिंक क्लिक करने पर अब यह संदेश आता है:
“डिज्नी द्वारा कॉपीराइट दावे के कारण यह वीडियो अब उपलब्ध नहीं है।”
डिज्नी ऐसे समय में अपने किरदारों को अनधिकृत AI उपयोग से बचाने के लिए सक्रिय कदम उठा रही है। कंपनी ने फ्रोजन, मोआना, टॉय स्टोरी और विनी द पूह के किरदारों से जुड़े वीडियो हटाने का अनुरोध किया है।
डिज्नी का आरोप और गूगल की प्रतिक्रिया
डिज्नी ने गूगल को पत्र लिखकर कहा कि वह अपने AI टूल्स को उसके स्वामित्व वाले किरदारों के उत्पादन से रोकने के लिए सुरक्षा उपाय करे और उनका उपयोग अपने मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए बंद करे। डिज्नी ने आरोप लगाया, “गूगल जानबूझकर अपने उल्लंघन के दायरे को बढ़ा रहा है।”
दूसरी ओर, गूगल ने कहा, “डिज्नी के साथ हमारा दीर्घकालिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी संबंध है और हम उनके साथ बातचीत जारी रखेंगे।”

