
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम की पहली पारी 189 रनों पर समाप्त हुई। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 159 रन बनाए थे। इस तरह पहली पारी के आधार पर भारत को 30 रन की मामूली बढ़त मिली।
भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। कप्तान शुभमन गिल गर्दन में चोट लगने के कारण दूसरी बार बल्लेबाजी करने नहीं लौटे।
भारत की पारी रही संघर्षपूर्ण
भारत के किसी भी बल्लेबाज ने पहली पारी में अर्धशतक नहीं लगाया।
केएल राहुल ने सबसे अधिक 39 रन बनाए। ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा ने 27-27 रनों का योगदान दिया।
तीसरे विकेट के लिए राहुल और वाशिंगटन सुंदर ने एकमात्र अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने 164 गेंदों में 57 रन जोड़े।
दक्षिण अफ्रीका की गेंदबाजी ने भारतीय बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा।
हार्मर और यानसन की शानदार गेंदबाजी
दक्षिण अफ्रीका के साइमन हार्मर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
मार्को यानसन ने 3 विकेट हासिल किए और भारत की मध्यक्रम बल्लेबाजी को झटका दिया।
केशव महाराज ने 1 विकेट लिया जबकि कॉर्बिन बॉश ने 32 रन देकर 1 सफलता पाई।
वियाम मूल्डर ने 5 ओवर में 15 रन दिए, लेकिन कोई विकेट नहीं मिला।
केएल राहुल ने पूरा किया 4,000 टेस्ट रन का सफर
केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन अपने टेस्ट करियर में 4,000 रन पूरे कर लिए। अपनी पारी का 15वां रन बनाते ही राहुल ने यह उपलब्धि हासिल की।
राहुल अब तक 66 टेस्ट मैच खेले हैं और 115 पारियों में 36.58 की औसत से 4,024 रन बना चुके हैं। उनके नाम 11 शतक और 20 अर्धशतक दर्ज हैं।
कप्तान शुभमन गिल गर्दन में ऐंठन के कारण रिटायर्ड हर्ट
शुभमन गिल वाशिंगटन सुंदर के आउट होने के बाद नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरे थे। उन्होंने एक चौका जड़ा, लेकिन इसके तुरंत बाद उन्हें गर्दन में तेज दर्द महसूस हुआ और वे रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए।
BCCI ने बताया कि गिल की गर्दन में ऐंठन है और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। उनके आगे खेलने पर निर्णय उनकी स्थिति को देखकर लिया जाएगा।

