
सोशल मीडिया के तेजी से बढ़ते उपयोग के साथ अब साइबर अपराधियों ने नामचीन हस्तियों के नाम और तस्वीरों का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। McAfee की नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि 2025 में ऑनलाइन ठगी के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए गए सेलिब्रिटीज में शाहरुख खान, आलिया भट्ट और प्रियंका चोपड़ा जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
शाहरुख खान इस सूची में सबसे ऊपर
रिपोर्ट के अनुसार, साइबर अपराधियों ने सबसे ज्यादा शाहरुख खान के नाम और ब्रांड वैल्यू का इस्तेमाल किया। पिछले वर्ष रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के नाम पर नौकरी के बहाने लोगों के साथ ऑनलाइन ठगी की गई थी। इस मामले में खुद शाहरुख और गौरी खान ने चेतावनी जारी की थी कि कोई भी फर्जी ऑफर से सावधान रहें।
आलिया भट्ट के नाम पर किए गए कई धोखाधड़ी के मामले
आलिया भट्ट का नाम भी साइबर क्राइम की इस सूची में शामिल है। उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग का फायदा उठाकर अपराधियों ने नकली पैन कार्ड बनवाकर बैंक धोखाधड़ी जैसे अपराध किए।
इसके अलावा, आलिया कई डीपफेक वीडियो का भी शिकार हो चुकी हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी या फर्जी प्रचार के लिए किया गया।
प्रियंका चोपड़ा, एलन मस्क और रोनाल्डो जैसे वैश्विक नाम भी सूची में
McAfee की रिपोर्ट में प्रियंका चोपड़ा, क्रिस्टियानो रोनाल्डो, एलन मस्क और यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट जैसे वैश्विक सेलिब्रिटी भी शामिल हैं।
भारत में 90% सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने ऐसे नकली विज्ञापन देखे हैं, जो AI का इस्तेमाल कर किसी मशहूर चेहरे के नाम से बनाए गए थे।
इन फर्जी प्रचारों में फंसने वाले लोगों को औसतन ₹34,500 का आर्थिक नुकसान हुआ।
फर्जी सेलिब्रिटी कंटेंट के जाल में सबसे ज्यादा फंस रहे युवा
रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया और रील-आधारित कंटेंट पर अधिक समय बिताने के कारण भारतीय युवा सबसे ज्यादा ठगी के शिकार होते हैं।
35 से 44 आयु वर्ग के 62% लोग फर्जी सेलिब्रिटी विज्ञापनों के झांसे में आए, जबकि 65 वर्ष से अधिक उम्र के सिर्फ 17% लोग ही धोखे का शिकार हुए।

