India Post GDS Recruitment 2026: 23757 पदों पर भर्ती, आज रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख; 10वीं पास ऐसे करें आवेदन

Thecity news
7 Min Read

ग्रामीण डाक सेवक भर्ती के लिए 19 सितंबर शाम 5 बजे तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन, आवेदन और फीस जमा करने की अंतिम तारीख 21 सितंबर; बिना परीक्षा 10वीं के अंकों से बनेगी मेरिट

भारतीय डाक विभाग में ग्रामीण डाक सेवक यानी जीडीएस के 23,757 पदों पर भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन की आज यानी 19 सितंबर 2026 अंतिम तारीख है। जिन योग्य उम्मीदवारों ने अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे इंडिया पोस्ट के आधिकारिक जीडीएस पोर्टल पर जाकर आज शाम 5 बजे तक पंजीकरण कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक चलेगी।

खास बात यह है कि जीडीएस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट लिस्ट के जरिए किया जाएगा। भर्ती में ब्रांच पोस्टमास्टर, असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर और डाक सेवक पद शामिल हैं।

ये हैं जरूरी तारीखें

इंडिया पोस्ट के आधिकारिक पोर्टल के मुताबिक, इस भर्ती प्रक्रिया की महत्वपूर्ण तारीखें इस प्रकार हैं।

  • रजिस्ट्रेशन की शुरुआत: 31 अगस्त 2026
  • रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख: 19 सितंबर 2026, शाम 5 बजे तक
  • आवेदन फॉर्म जमा करने की शुरुआत: 2 सितंबर 2026
  • आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख: 21 सितंबर 2026, शाम 5 बजे तक
  • फीस जमा करने की अंतिम तारीख: 21 सितंबर 2026
  • करेक्शन विंडो: 23 से 24 सितंबर 2026, शाम 5 बजे तक

इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों को इस शेड्यूल में नए सिरे से रजिस्ट्रेशन करना होगा। पिछले जीडीएस भर्ती चक्र का रजिस्ट्रेशन नंबर इस भर्ती के लिए मान्य नहीं होगा।

10वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

ग्रामीण डाक सेवक भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों के चयन में 10वीं के अंकों को आधार बनाया जाएगा। लिखित परीक्षा नहीं होने के कारण मेरिट में प्राप्त अंकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

कितनी रह सकती है कटऑफ?

इस भर्ती की कटऑफ अभी जारी नहीं हुई है। हालांकि, पिछली जीडीएस भर्तियों की मेरिट के आधार पर विशेषज्ञों का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के कई डाकघरों में सामान्य वर्ग की कटऑफ काफी ऊंची रह सकती है।

कुछ लोकप्रिय या अधिक प्रतिस्पर्धी डाकघरों में पिछली भर्ती के दौरान कटऑफ 100 प्रतिशत तक पहुंची थी। वहीं कुछ स्थानों पर यह 95 से 99 प्रतिशत के आसपास रही थी। इसलिए 10वीं में ज्यादा अंक वाले उम्मीदवारों को मेरिट में लाभ मिल सकता है। ये आंकड़े पिछली भर्ती के हैं और इन्हें मौजूदा भर्ती की आधिकारिक कटऑफ नहीं माना जाना चाहिए।

राजस्थान में पिछली भर्ती की कटऑफ

जनवरी 2026 जीडीएस भर्ती की चौथी मेरिट लिस्ट में राजस्थान के कई डाकघरों में सामान्य वर्ग की कटऑफ 100 प्रतिशत तक रही थी। उदाहरण के लिए अलवर के नयाबास, जयपुर शहर के इंदरगढ़, जयपुर ग्रामीण के कई डाकघरों और जैसलमेर मंडल के कई शाखा डाकघरों में कटऑफ 100 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

डूंगरपुर मंडल के बुढ़वा और खोड़न में यह 99 प्रतिशत रही, जबकि झालावाड़ के अनताना में 99 प्रतिशत कटऑफ दर्ज हुई थी।

बिहार में 95 से 100 प्रतिशत तक रही कटऑफ

बिहार सर्कल में भी कई डाकघरों की कटऑफ काफी ऊंची रही थी। औरंगाबाद मंडल के मुंजहारा में सामान्य वर्ग की कटऑफ 98.4286 प्रतिशत रही। बेगूसराय के कुछ डाकघरों में यह 96 से 100 प्रतिशत के बीच रही।

पटना और नालंदा मंडल के कई डाकघरों में कटऑफ 99.7143 प्रतिशत तक पहुंची थी। सारण-सीवान मंडल के तरवा परसा शाखा डाकघर में यह 100 प्रतिशत रही, जबकि सहरसा मंडल के लौरह और सिंघर में 95 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

मध्य प्रदेश में कई जगह 100 प्रतिशत तक पहुंची मेरिट

मध्य प्रदेश सर्कल के कई डाकघरों में भी पिछली भर्ती के दौरान सामान्य वर्ग की कटऑफ 100 प्रतिशत रही। छिंदवाड़ा, ग्वालियर, मंडला, सागर, सतना, शिवपुरी और रीवा समेत कई मंडलों के कुछ डाकघरों में 100 प्रतिशत तक मेरिट गई थी।

वहीं रतलाम मंडल में कुछ डाकघरों की कटऑफ करीब 96.6 प्रतिशत और नर्मदापुरम मंडल में 97.6 से 98 प्रतिशत के बीच रही थी।

उत्तर प्रदेश में भी कई डाकघरों में 100 प्रतिशत कटऑफ

उत्तर प्रदेश सर्कल में पिछली जीडीएस मेरिट में आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बागपत, बिजनौर, बदायूं, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, कानपुर और लखनऊ समेत कई मंडलों के कुछ डाकघरों में सामान्य वर्ग की कटऑफ 100 प्रतिशत रही थी।

वहीं बहराइच, बस्ती, देवरिया, फतेहपुर, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली और वाराणसी जैसे मंडलों के कुछ डाकघरों में कटऑफ 97 से 99 प्रतिशत के बीच रही।

दिल्ली में भी 100 प्रतिशत तक पहुंची थी कटऑफ

पिछली मेरिट में दिल्ली ईस्ट मंडल के न्यू उस्मानपुर शाखा डाकघर और दिल्ली नॉर्थ मंडल के कुतुबगढ़ शाखा डाकघर में सामान्य वर्ग की कटऑफ 100 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

इस बार भी बड़े शहरों और ज्यादा प्रतिस्पर्धा वाले डाकघरों में मेरिट काफी ऊंची रहने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कटऑफ पद, वर्ग, डाकघर और उम्मीदवारों के प्राप्त अंकों के आधार पर तय होगी।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

उम्मीदवार इंडिया पोस्ट के आधिकारिक जीडीएस ऑनलाइन एंगेजमेंट पोर्टल पर जाकर सबसे पहले अपना नया रजिस्ट्रेशन पूरा करें। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 19 सितंबर 2026 शाम 5 बजे है। इसके बाद आवेदन फॉर्म भरकर उसे 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक सबमिट करना होगा।

करेक्शन के लिए उम्मीदवारों को 23 और 24 सितंबर 2026 को मौका दिया जाएगा। इसलिए उम्मीदवार आवेदन जमा करने से पहले अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और अन्य जरूरी जानकारी अच्छी तरह जांच लें।

Share This Article