जल संसाधन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग पर होगी ऑनलाइन ट्रेनिंग, 5 से 10 अक्टूबर तक चलेगा कार्यक्रम; पूरा करने वालों को मिलेगा सर्टिफिकेट
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग सीखने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की ओर से फ्री ऑनलाइन ट्रेनिंग का मौका दिया जा रहा है। इसरो ने AI/ML Training for Hydro-Informatics नाम से ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 4 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
यह ट्रेनिंग जल संसाधन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) के उपयोग पर केंद्रित होगी। कार्यक्रम का आयोजन इसरो के भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (IIRS), देहरादून की ओर से किया जा रहा है।
जल संसाधन क्षेत्र में AI और ML की ट्रेनिंग
यह ट्रेनिंग उन उम्मीदवारों के लिए उपयोगी है, जो जल संसाधन क्षेत्र में AI और ML तकनीकों के इस्तेमाल को समझना चाहते हैं। ट्रेनिंग के दौरान हाइड्रो-इन्फॉर्मेटिक्स से जुड़े विषयों में इन तकनीकों की उपयोगिता और डिजिटल माध्यम से उनके इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी जाएगी।
ऑनलाइन होगी ट्रेनिंग
ISRO की यह ट्रेनिंग पूरी तरह ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। इसमें लाइव और इंटरैक्टिव सेशन होंगे, जिनमें उम्मीदवार IIRS के यूट्यूब चैनल के माध्यम से शामिल हो सकेंगे।
इसके अलावा ट्रेनिंग से जुड़ी पाठ्य सामग्री रोजाना इसरो के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) पर उपलब्ध कराई जाएगी। उम्मीदवारों को रिकॉर्डेड वीडियो सेशन, क्विज और फीडबैक की सुविधा भी मिलेगी।
ट्रेनिंग के दौरान डेली क्विज में भाग लेना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों की भागीदारी और उपलब्धि को कोर्स डेडीकेशन के तौर पर ट्रैक किया जाएगा।
ट्रेनिंग पूरी करने पर मिलेगा सर्टिफिकेट
जो उम्मीदवार ट्रेनिंग प्रोग्राम को पूरा करेंगे, उन्हें कोर्स पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा। यह सर्टिफिकेट इसरो के ई-क्लास एलएमएस से डाउनलोड किया जा सकेगा।
4 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन
ISRO AI/ML Training for Hydro-Informatics के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इच्छुक उम्मीदवार इसरो के आधिकारिक लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तारीख 4 अक्टूबर 2026 है। ट्रेनिंग प्रोग्राम 5 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

