भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) में खेला जा रहा है। सोमवार, 24 अगस्त को मैच का दूसरा दिन है। भारतीय टीम अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी कर रही है और उसके 6 विकेट गिर चुके हैं। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल क्रीज पर मौजूद हैं। भारत सीरीज में 1-0 से आगे है और अब उसकी नजर दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज का शानदार अंत करने पर है।
पहले टेस्ट में भारत ने दर्ज की थी 165 रन की जीत
टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका को 165 रनों से हराया था। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम अब कोलंबो टेस्ट में भी मजबूत स्थिति बनाकर सीरीज 2-0 से अपने नाम करना चाहेगी।
पडिक्कल ने लगाया लगातार दूसरा शतक
कोलंबो टेस्ट का पहला दिन भारतीय टीम के नाम रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के लिए देवदत्त पडिक्कल ने शानदार 117 रनों की पारी खेली। उन्होंने 193 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके लगाए। पडिक्कल ने लगातार दूसरे टेस्ट में शतक जड़कर शानदार फॉर्म जारी रखा।
कप्तान शुभमन गिल ने 108 गेंदों पर 50 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे। यशस्वी जायसवाल ने 45 और रवींद्र जडेजा ने 43 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि, पहले दिन ऋषभ पंत के रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाने से भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई थी।
भारत की पहली पारी में 6 विकेट गिरे
भारत के लिए केएल राहुल 18, यशस्वी जायसवाल 45, देवदत्त पडिक्कल 117, शुभमन गिल 50, रवींद्र जडेजा 43 और सारांश जैन 6 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल नाबाद हैं।
भारत के विकेट 37 रन पर केएल राहुल, 66 रन पर यशस्वी जायसवाल, 186 रन पर शुभमन गिल, 281 रन पर देवदत्त पडिक्कल, 296 रन पर रवींद्र जडेजा और 307 रन पर सारांश जैन के रूप में गिरे।
सारांश जैन का टेस्ट डेब्यू
इस मुकाबले के जरिए 33 वर्षीय ऑफ-स्पिनर सारांश जैन ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। कुलदीप यादव के वायरल बीमारी से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण सारांश को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। उन्हें रवींद्र जडेजा ने डेब्यू कैप प्रदान की।
श्रीलंका की ओर से सलामी बल्लेबाज कामिल मिशारा ने भी इस मुकाबले में टेस्ट डेब्यू किया।
श्रीलंका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड मजबूत
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है। इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों के बीच 47 टेस्ट खेले गए थे। भारत ने इनमें 23 मैच जीते, जबकि श्रीलंका को 7 मुकाबलों में जीत मिली। दोनों टीमों के बीच 17 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं।
श्रीलंका ने भारत को आखिरी बार अगस्त 2015 में गॉल टेस्ट में हराया था।
भारत की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन
कामिल मिशारा, लाहिरू उदारा, पसिंदु सूरियाबंडारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो।

