आईसीसी बोर्ड ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए दूसरे कार्यकाल को मंजूरी दी, लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 और महिला क्रिकेट पर रहेगा खास जोर।
जय शाह लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड की बैठक में उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया। बोर्ड के निदेशकों के प्रस्ताव के बाद उनके दूसरे कार्यकाल पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।
विश्व क्रिकेट के विस्तार और आगामी बड़े आयोजनों को देखते हुए इस फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आईसीसी बोर्ड ने जय शाह के नेतृत्व और कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए उन्हें एक बार फिर यह जिम्मेदारी सौंपी है।
ओलंपिक 2028 और महिला क्रिकेट पर रहेगा जोर
आईसीसी बोर्ड की बैठक में क्रिकेट के भविष्य और वैश्विक विस्तार से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। इनमें लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी को खेल के लिए बड़ा अवसर माना गया।
इसके अलावा महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने और एसोसिएट सदस्य देशों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पारदर्शिता बनाए रखने और व्यावसायिक अवसरों के विस्तार को लेकर भी प्रतिबद्धता जताई गई।
दूसरा कार्यकाल मिलने पर क्या बोले जय शाह?
लगातार दूसरी बार आईसीसी चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने बोर्ड के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि निदेशकों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उससे वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। सभी सदस्यों के निरंतर समर्थन के लिए उन्होंने धन्यवाद दिया।
जय शाह ने कहा कि आईसीसी चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व क्रिकेट अपने इतिहास के रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का बड़ा अवसर होगी।

