मुंबई में पानी का संकट गहराने की आशंका, झीलों का जलस्तर 84% से नीचे

Thecity news
5 Min Read

कम बारिश और अक्टूबर की गर्मी से झीलों का पानी घटा, बीएमसी में वर्षा जल संचयन लागू कराने और सोसायटियों पर जुर्माने की मांग तेज हुई।

मुंबई में इस वर्ष कम बारिश और मानसून के बाद बढ़ी गर्मी का असर अब जल भंडारण पर दिखाई देने लगा है। शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली झीलें पूरी तरह नहीं भर सकीं। पिछले वर्ष नवंबर में झीलों में जलस्तर करीब 95 प्रतिशत था, जबकि इस वर्ष यह 84 प्रतिशत से भी नीचे पहुंच गया है।

कम बारिश के साथ अक्टूबर की गर्मी में झीलों से तेजी से वाष्पीकरण होने के कारण जलस्तर में गिरावट आई है। पानी की बढ़ती मांग और भूजल स्तर में कमी को देखते हुए मुंबई में वर्षा जल संचयन यानी रेन वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने की जरूरत फिर चर्चा में है।

बीएमसी ने वर्ष 2012 में इस व्यवस्था को प्रोत्साहित करने की बात कही थी, लेकिन अब तक इसे लेकर अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है।

नियमों के बावजूद वर्षा जल संचयन पर सवाल

बीएमसी के नियमों के मुताबिक, एक हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले भूखंडों और नए लेआउट में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अनिवार्य है। बीएमसी अधिकारी के अनुसार, बिल्डरों को ऑक्युपेशन सर्टिफिकेट (ओसी) जारी होने से पहले यह व्यवस्था तैयार करनी होती है।

नगरसेवकों की मांग है कि बीएमसी यह आंकड़ा सार्वजनिक करे कि कितनी इमारतें वर्षा जल संचयन से जमा पानी का वास्तव में इस्तेमाल कर रही हैं। नियमों का पालन नहीं करने वाली हाउसिंग सोसायटियों पर जुर्माना लगाने की भी मांग की गई है।

हर इमारत का ऑडिट कराने की मांग

बीएमसी सदन नेता गणेश खणकर ने कहा कि शहर की प्रत्येक इमारत में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को बीएमसी सदन में भी उठाया गया है। उनके मुताबिक, बीएमसी को समय-समय पर इमारतों का ऑडिट कर यह जांचना चाहिए कि वहां वर्षा जल संचयन हो रहा है या नहीं।

उन्होंने जल संकट को देखते हुए भविष्य में ऐसा नियम बनाने की जरूरत बताई, जिसके तहत बीएमसी इमारतों को 75 प्रतिशत पानी उपलब्ध कराए और शेष 25 प्रतिशत पानी शौचालय के फ्लश, गाड़ी धोने तथा अन्य कामों के लिए सोसायटियां बोरवेल से लें।

कांग्रेस के बीएमसी गुट नेता अशरफ आजमी ने कहा कि नियम बनाने के साथ उनका पालन सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएमसी के पास नियमों को लागू कराने की ठोस योजना नहीं है। उनके मुताबिक, वर्षा जल संचयन नहीं करने वाली इमारतों पर जुर्माने का प्रावधान होना चाहिए और हर मानसून में अधिकारियों को सोसायटियों की जांच करनी चाहिए।

34 प्रतिशत पानी चोरी और रिसाव में बर्बाद

विधायक संजय उपाध्याय ने कहा कि मुंबई में पानी की बचत और वर्षा जल संचयन को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने मौजूदा स्थिति में पानी की 10 प्रतिशत कटौती का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़कों और हाउसिंग सोसायटियों में बड़े पैमाने पर पेवर ब्लॉक लगाए गए हैं। पेड़ों की कटाई से हरित क्षेत्र भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने सोसायटियों में वर्षा जल संचयन के लिए कुएं बनाने की पहल पर जोर दिया। इससे बारिश का पानी जमीन में पहुंचाने और भविष्य में भूजल उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

शिवाजी पार्क से बोरीवली तक नई पहल की तैयारी

दादर के शिवाजी पार्क में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई वर्षा जल संचयन परियोजना को दोबारा सक्रिय करने पर भी काम किया गया है। इस परियोजना के तहत पार्क की परिधि में 35 कुएं बनाए गए हैं।

इसके अलावा बीएमसी पुराने खुले कुओं के पुनरुद्धार और विभिन्न वार्डों में भूजल रिचार्ज पिट बनाने पर ध्यान दे रही है।

बोरीवली विधानसभा क्षेत्र की एक हजार से अधिक हाउसिंग सोसायटियों में बारिश का पानी जमा करने के लिए कुएं बनवाने की योजना भी सामने आई है। संजय उपाध्याय ने पत्रकारों से बातचीत में इस पहल की जानकारी दी।

Share This Article