नई सरकार के मंत्रियों को अब तक विभाग नहीं मिलने पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने आरोप लगाया कि कर्नाटक सरकार दिल्ली में बैठे कांग्रेस हाईकमान के रिमोट कंट्रोल से चल रही है।
कर्नाटक में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रियों के विभागों के बंटवारे में हो रही देरी को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार दिल्ली में बैठे कांग्रेस हाईकमान के इशारों पर काम कर रही है।
कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने गुरुवार को कहा कि नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें विभाग आवंटित नहीं किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या विभागों के बंटवारे के लिए कांग्रेस हाईकमान के आदेश का इंतजार किया जा रहा है या फिर किसी अन्य वजह से फैसला टल रहा है।
सुरजेवाला पर भी साधा निशाना
आर. अशोक ने कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरजेवाला नाराज विधायकों को मनाने के लिए उनके घर-घर जा रहे हैं और सरकार को बचाने की कोशिश में जुटे हैं।
भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा कि क्या अब हर सरकारी फाइल को मंजूरी दिलाने के लिए सुरजेवाला को बेंगलुरु आना पड़ेगा। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या अब राज्य की फाइलें दिल्ली भेजकर ही फैसले लिए जाएंगे। इसी दौरान उन्होंने डीके शिवकुमार को ‘रबर स्टांप मुख्यमंत्री’ बताया।
‘दिल्ली से चल रही है सरकार’
आर. अशोक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार स्वतंत्र रूप से फैसले नहीं ले रही है और राज्य का प्रशासन दिल्ली से नियंत्रित किया जा रहा है। उनके मुताबिक, कर्नाटक की जनता समझ चुकी है कि सरकार का संचालन बेंगलुरु नहीं बल्कि दिल्ली से हो रहा है।
महिला मंत्रियों को लेकर भी उठे सवाल
कैबिनेट विस्तार के बाद कांग्रेस सरकार एक और विवाद में घिर गई है। ‘नवेद्दु निल्लादिद्दारे, कर्नाटक’ बैनर के तहत करीब 30 महिला संगठनों और नारीवादी समूहों ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को खुला पत्र लिखकर मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को जगह नहीं दिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठनों ने जल्द से जल्द महिला मंत्रियों को शामिल करने की मांग की है।
कांग्रेस ने किया अंदरूनी कलह से इनकार
उधर, कांग्रेस नेतृत्व नाराज नेताओं को मनाने में जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और रणदीप सिंह सुरजेवाला नाराज विधायकों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री शिवकुमार ने पार्टी में किसी भी तरह की अंदरूनी कलह की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और सभी नेताओं के साथ सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई है।

