कर्नाटक में बस-ट्रक की भीषण टक्कर, चार की मौत और 14 घायल

Thecity news
3 Min Read

कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही एसी स्लीपर बस पेरियपट्टना के पास ट्रक से टकरा गई। हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

कर्नाटक, 16 अक्टूबर। कर्नाटक में बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। हादसा हुंसूर के पास पेरियपट्टना इलाके में हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही थी। यह कावेरी एसी स्लीपर बस थी।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

पुलिस के मुताबिक, हादसे में चार लोगों की जान गई है और 14 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में आफताब, साजेश (36) और सुनील की पहचान हुई है। तीनों मनकावु के रहने वाले थे। चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

मृतकों के शव हुंसूर के अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

टक्कर में बस और ट्रक के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त

हादसे की सामने आई तस्वीरों में बस और ट्रक के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई देने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।

हुबली में भी बस हादसा, आठ साल की बच्ची की मौत

इससे पहले गुरुवार तड़के कर्नाटक के हुबली के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा गिरी थी। हादसे में आठ साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हुए थे। मुंबई से बेंगलुरु जा रही बस में 26 यात्री सवार थे।

यह दुर्घटना सुबह करीब तीन बजे चब्बी क्रॉस से कुछ आगे हुई थी। पुलिस के अनुसार, चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क से उतरकर खेत में जा गिरा। घायलों में बस का चालक भी शामिल है।

हादसे के दौरान चालक का पैर बस के भीतर फंस गया था। पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान चलाया और उसे बाहर निकाला।

पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य के मुताबिक, तेज रफ्तार के कारण बस उछल गई थी, जिससे दुर्घटना हुई। उन्होंने बच्ची की मौत और घायलों के इलाज की पुष्टि की थी।

Share This Article