केरल निकाय चुनाव की मतगणना में UDF को बड़ी सफलता मिली है, वहीं तिरुवनंतपुरम नगर निगम जीतकर भाजपा-NDA ने इतिहास रच दिया। जानें किसे कितनी सीटें मिलीं।
केरल निकाय चुनाव: तिरुवनंतपुरम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
केरल में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना जारी है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने चुनावों में कुल मिलाकर मजबूत प्रदर्शन किया है और कई नगर निगम व पंचायतों में बढ़त बनाई है।
वहीं, भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने राजधानी तिरुवनंतपुरम नगर निगम और त्रिपुनिथुरा में जीत दर्ज कर राजनीतिक इतिहास रच दिया है। तिरुवनंतपुरम कांग्रेस सांसद शशि थरूर का गढ़ माना जाता है।
पलक्कड़ और त्रिशूर में भाजपा का प्रदर्शन
भाजपा ने पलक्कड़ नगर पालिका में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की है। 53 सीटों वाली नगर पालिका में पार्टी ने 25 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया है। हालांकि भाजपा बहुमत से दो सीट दूर रह गई।
यहां UDF को 17 सीटें और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) को 8 सीटें मिली हैं।
इसके अलावा त्रिशूर के हिंदू बहुल कन्ननकुलंगरा वार्ड से भाजपा की मुस्लिम उम्मीदवार की जीत ने राजनीतिक हलकों में सबका ध्यान खींचा है।
भाजपा के लिए क्यों अहम है तिरुवनंतपुरम की जीत?
तिरुवनंतपुरम न केवल केरल की राजधानी है, बल्कि यह कांग्रेस सांसद शशि थरूर का परंपरागत गढ़ भी माना जाता है, जहां से वे लगातार चार बार सांसद चुने गए हैं।
इसके साथ ही इस नगर निगम पर पिछले चार दशकों से LDF का कब्जा था। ऐसे में यहां भाजपा की जीत को पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
राज्य में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यह जीत भाजपा को नई ऊर्जा दे सकती है।
किसे कितनी सीटों पर मिली जीत?
केरल में कुल 941 ग्राम पंचायत, 152 ब्लॉक पंचायत, 14 जिला पंचायत, 87 नगर पालिका और 6 नगर निगम के लिए चुनाव हुए थे।
- ग्राम पंचायत: UDF – 505, LDF – 341, NDA – 26
- ब्लॉक पंचायत: UDF – 78, LDF – 64
- जिला पंचायत: UDF – 7, LDF – 7
- नगर पालिका: LDF – 54, UDF – 28
- नगर निगम: UDF – 4, NDA – 1, LDF – 1
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया आभार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुवनंतपुरम की जीत पर जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि तिरुवनंतपुरम में भाजपा-NDA को मिला जनादेश केरल की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण है और पार्टी शहर के विकास व लोगों के लिए बेहतर ईज ऑफ लिविंग पर काम करेगी।
2 चरणों में हुआ था मतदान
केरल में 1,200 में से 1,199 स्थानीय निकायों में दो चरणों में मतदान हुआ।
- पहला चरण (9 दिसंबर): 70.91% मतदान
- दूसरा चरण (11 दिसंबर): 76.08% मतदान
पहले चरण में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम सहित 7 जिलों में मतदान हुआ था। दूसरे चरण में 595 निकायों में वोटिंग कराई गई।

