फिनायल और नमक से तैयार हो रही थी नकली ऑक्सीटोसिन! लखनऊ में फैक्ट्री का खुलासा, 2 करोड़ का माल जब्त

Thecity news
3 Min Read

यूपी एसटीएफ ने दुबग्गा इलाके में छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, मौके से 35 लीटर लिक्विड और हजारों खाली बोतलें बरामद हुईं।

लखनऊ में नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से करीब 2 करोड़ रुपये का सामान बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी फिनायल, नमक और संदिग्ध पाउडर का इस्तेमाल कर नकली ऑक्सीटोसिन तैयार कर रहे थे।

फैक्ट्री से 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन बरामद

जानकारी के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसटीएफ ने लखनऊ के दुबग्गा इलाके में छापेमारी की। इस दौरान टीम को मौके से करीब 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन मिला। इसके अलावा 8 हजार खाली बोतलें और 48 हजार ढक्कन भी बरामद किए गए।

जांच के दौरान फिनायल के 5-5 लीटर वाले केन, टाटा नमक के 36 पैकेट और संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर भी मिला। पुलिस को आशंका है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल नकली दवा बनाने में किया जा रहा था। एसटीएफ ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

दूसरे इलाकों में सप्लाई की जांच

एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार की जा रही नकली ऑक्सीटोसिन की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नकली दवा बनाने का काम कब से चल रहा था और अब तक इसके कितने खरीदारों तक सप्लाई पहुंचाई गई है।

क्या है ऑक्सीटोसिन और नकली दवा से कितना खतरा?

ऑक्सीटोसिन एक हार्मोन है, जो शरीर में प्राकृतिक रूप से बनता है। दवा के रूप में इसे इंजेक्शन के जरिए दिया जाता है। अस्पतालों में इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से प्रसव के दौरान गर्भाशय में संकुचन कराने और प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव को रोकने के लिए किया जाता है।

ऐसे में नकली या मिलावटी ऑक्सीटोसिन का इस्तेमाल मरीजों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। फिलहाल एसटीएफ पूरे नेटवर्क और बरामद सामग्री की जांच कर रही है।

Share This Article