11 लाख दीयों से जगमगाएगी काशी, 2100 ड्रोन दिखाएंगे आसमान में शिव और गंगा की झलक

Thecity news
4 Min Read

देव दीपावली पर वाराणसी में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, गंगा घाटों पर महाआरती से लेकर भव्य लेजर शो तक होंगे।

विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली के लिए काशी पूरी तरह तैयार है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आज वाराणसी के गंगा घाट लाखों दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी वाराणसी पहुंचने का कार्यक्रम संभावित है। उनके शाम करीब 4 बजे काशी पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री नमो घाट पर दीप जलाकर समारोह का शुभारंभ करेंगे और क्रूज से गंगा महाआरती के दर्शन भी करेंगे।

11 लाख से ज्यादा दीयों से रोशन होंगे घाट

देव दीपावली को लेकर वाराणसी में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार काशी के घाटों को 11 लाख से अधिक दीयों से रोशन करने की तैयारी है। आयोजन में 15 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

नमो घाट से सामने घाट तक अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीये जलाने की तैयारी है।

2100 ड्रोन से आसमान में दिखेगी काशी की विरासत

इस बार देव दीपावली पर आधुनिक तकनीक और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नमो घाट और गंगा पार के आसमान में करीब 2100 ड्रोन के जरिए भगवान शिव के अलग-अलग स्वरूप, गंगा अवतरण, काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीकों की आकृतियां बनाई जाएंगी। ड्रोन शो के साथ संगीत और विशेष प्रस्तुतियां भी होंगी।

17 मिनट की प्रोजेक्शन मैपिंग और 8 मिनट का लेजर शो

देव दीपावली पर प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो की कुल अवधि 25 मिनट होगी। इसमें 17 मिनट की 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग और इसके बाद 8 मिनट का लेजर शो आयोजित किया जाएगा।

इस दौरान गंगा घाटों और ऐतिहासिक इमारतों की दीवारों पर काशी, भगवान शिव और मां गंगा से जुड़े पौराणिक प्रसंगों को दृश्यावलियों के जरिए दिखाया जाएगा। संवाद, संगीत और वॉयस ओवर के माध्यम से दर्शकों को इस पर्व की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्ता से परिचित कराया जाएगा।

गंगा पार रेती पर होगा ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो

गंगा पार रेती पर करीब 10 मिनट का ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस प्रस्तुति में भगवान शिव की महिमा पर आधारित भजनों की धुनों के साथ आतिशबाजी का नजारा देखने को मिलेगा।

दशाश्वमेध घाट पर होगी भव्य गंगा महाआरती

देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां होने वाली गंगा महाआरती में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। विशाल दीपों के साथ पुजारियों की लयबद्ध आरती, शंखनाद और मंत्रोच्चार से घाट का वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

गंगा की लहरों के बीच लाखों दीयों की रोशनी और महाआरती का विहंगम दृश्य देव दीपावली के उत्सव को खास बनाएगा।

Share This Article