होटल में युवती को बंधक बनाने का आरोपी सलमान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, भागते समय पुल से गिरा

Thecity news
5 Min Read

मेरठ में शादी का दबाव बनाने और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई, घेराबंदी के दौरान घायल होकर पकड़ा गया।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में युवती को होटल में बंधक बनाने और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी सलमान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। इसके बाद घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश में वह निर्माणाधीन अंडरपास के पुल से नीचे गिर गया। हादसे में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, सलमान पुत्र इमामुद्दीन मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र के शाहपुर जैननगर का निवासी है। वह सदर बाजार थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 273/2026 में वांछित था। उस पर दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित आरोप हैं।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

25 नवंबर को अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

पुलिस के मुताबिक, टीम को सामने देखकर सलमान ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह पुल पर चढ़कर भागने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी कहता रहा, “गलती हो गई, माफ कर दो।” तलाशी में उसके पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद की रहने वाली युवती की मुलाकात करीब एक साल पहले मेरठ के सलमान से हुई थी। दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। हाल ही में युवती की शादी तय हो गई थी, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी। इस दौरान सलमान ने उससे कई बार मिलने की कोशिश की, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया।

दो दिन पहले युवती अपनी सहेली के घर मेरठ आई थी। इसकी जानकारी सलमान को हो गई। आरोप है कि उसने नौकरी दिलाने के बहाने युवती को बुलाया और आबूलेन मार्केट स्थित स्क्वायर होटल ले गया। वहां उसे कमरे में बंधक बना लिया।

आरोप है कि पहले से शादीशुदा सलमान युवती पर जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था और उसे दो दिनों से होटल के कमरे में कैद रखा था। मामला सामने आने के बाद पुलिस युवती को थाने ले गई और उसकी शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

होटल से भागते हुए युवती का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें सड़क पर गाड़ियों की आवाजाही के बीच एक युवती अचानक गली से निकलकर भागती दिखाई देती है। उसके पीछे एक युवक भी आता है। युवती सड़क पार कर भागने की कोशिश करती है, लेकिन युवक उसे पकड़ लेता है। फुटेज में युवक युवती को उठाकर सड़क पर पटकता और फिर वापस उसी गली में ले जाता दिखाई देता है।

फुटेज में आसपास लोग मौजूद नजर आते हैं। कुछ देर बाद वहां भीड़ जमा होती है और कुछ लोग युवती को बाहर लेकर आते हैं। मौके पर मौजूद एक युवती उसे संभालती है और पानी पिलाती है।

Share This Article