दिल्ली दंगों की बड़ी साजिश के मामले में दोनों ने अंतरिम जमानत मांगी थी, लेकिन शीर्ष अदालत ने फिलहाल राहत देने से इनकार कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों की कथित साजिश के मामले में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व छात्र उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने बुधवार को उनकी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनेगी अदालत
सुनवाई के दौरान उमर खालिद और शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और सिद्धार्थ दवे पेश हुए। उन्होंने अदालत को बताया कि दोनों आरोपी छह साल से अधिक समय से हिरासत में हैं।
हालांकि, पीठ ने कहा कि वह इस मामले में पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुनेगी। इस पर कपिल सिब्बल ने तस्लीम अहमद मामले का हवाला देते हुए बताया कि रेफरेंस ऑर्डर पारित करते समय दो न्यायाधीशों की पीठ ने दंगों की साजिश के एक सह-आरोपी को अंतरिम जमानत दी थी।
इस पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा कि मामले की सुनवाई के लिए तीन न्यायाधीशों की पीठ गठित करनी होगी।
जनवरी में पांच सह-आरोपियों को मिली थी जमानत
इस साल 5 जनवरी को न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति एनवी अंजारिया की पीठ ने उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था। पीठ ने दोनों को कथित बड़ी साजिश का ‘वैचारिक सूत्रधार’ बताया था।
हालांकि, अदालत ने गुलफिशा फातिमा समेत पांच अन्य सह-आरोपियों को जमानत दे दी थी। पीठ ने कहा था कि कथित साजिश में इन आरोपियों की भूमिका उमर खालिद और शरजील इमाम से अलग थी। इसके साथ ही अदालत ने दोनों की जमानत याचिकाओं पर एक साल तक रोक भी लगाई थी।

