धनतेरस पर नागपुर के सराफा बाजार में बरसेगा धन, 125 करोड़ तक के कारोबार की उम्मीद

Thecity news
3 Min Read

सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के बावजूद बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है, दिवाली के बाद शादी का सीजन भी कारोबार को रफ्तार देगा।

नागपुर में धनतेरस और दिवाली के मौके पर सोने-चांदी की खरीदारी को लेकर सराफा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। मान्यता और परंपरा के अनुसार, इन त्योहारों पर लोग अपनी क्षमता के मुताबिक कुछ न कुछ गहने या चांदी के बर्तन जरूर खरीदते हैं। छोटी खरीदारी से भी बाजार में अच्छी ग्राहकी देखने को मिलती है।

धनतेरस और दिवाली के दौरान नागपुर में एक दिन में ही सोने-चांदी के गहनों और चांदी के बर्तनों का कारोबार 100 से 125 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। ज्वेलर्स ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष ऑफर और गहनों की बड़ी रेंज लेकर तैयार हैं। बाजार में अभी से भीड़ बढ़ने लगी है और धनतेरस तक इसके चरम पर पहुंचने की उम्मीद है।

ऊंची कीमतों के बावजूद बाजार में मांग बरकरार

सोने-चांदी की कीमतें अधिक होने के बावजूद सराफा बाजार में मंदी जैसा माहौल नहीं है। ज्वेलर्स का कहना है कि ग्राहक त्योहारों के साथ-साथ शादी के लिए भी खरीदारी कर रहे हैं। कुछ दुकानों पर विशेष ऑफर और बायबैक योजनाएं भी दी जा रही हैं।

शादी के सीजन से कारोबार को मिलेगा सहारा

बटुक भाई ज्वेलर्स के मोहित सेद के मुताबिक, इस बार शादी का सीजन लंबा चलने वाला है। धनतेरस और दिवाली के बाद भी शादियों के मुहूर्त होने से बाजार में ग्राहकी बनी रहेगी। भारतीय परंपरा में सोने और चांदी की खरीदारी का विशेष महत्व होने के कारण इसकी मांग लगातार रहती है।

बटुक भाई संस के विराज सेठ का कहना है कि धनतेरस के मुहूर्त पर लोग खरीदारी करना नहीं छोड़ते। इसके लिए कई परिवार पूरे साल बचत करते हैं। इसी उम्मीद के साथ ज्वेलर्स ने विशेष तैयारी की है। देशभर से नए कलेक्शन मंगाए गए हैं और ग्राहकों के लिए आकर्षक योजनाएं भी रखी गई हैं।

शादी के गहनों की खरीदारी भी शुरू

लोढे ज्वेलर्स के यश लोंढे के अनुसार, इस बार शादियों के लिए भी अच्छे मुहूर्त हैं। शादी में गहनों की खरीदारी छोटे परिवारों के लिए भी अहम होती है। ऐसे में इस साल सराफा बाजार में लंबे समय तक अच्छी ग्राहकी रहने की उम्मीद है। लोग अभी से शादी के गहने खरीदने पहुंच रहे हैं।

कीमतों में गिरावट से ग्राहकों को राहत

बाजार से जुड़े कारोबारियों के मुताबिक, हाल के दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में कुछ गिरावट आई है। इससे ग्राहकों को खरीदारी में राहत मिल रही है। कीमतें ऊंची रहने के बावजूद मांग अच्छी बनी हुई है। दिवाली के साथ ही शादियों की खरीदारी शुरू होने से बाजार में रौनक बढ़ रही है।

Share This Article