विदेश में रहते हुए भी प्रियंका भारतीय परंपराओं से जुड़ी हैं। करवा चौथ की तस्वीरों में मेहंदी से लेकर चांद के दीदार और व्रत खोलने तक की झलक दिखी।
प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकी हैं, लेकिन विदेश में रहने के बावजूद वह भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई हैं। निक जोनास से शादी के बाद अमेरिका में रह रहीं प्रियंका भारतीय त्योहार पूरे उत्साह से मनाती हैं। दिवाली हो या करवा चौथ, वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपने सेलिब्रेशन की झलक साझा करती हैं।
इस बार भी प्रियंका ने करवा चौथ मनाया और इसकी तस्वीरें इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कीं। तस्वीरों में वह पति निक जोनास के साथ नजर आईं।
बेटी मालती ने प्रियंका को लगाई मेहंदी
प्रियंका ने अपनी मेहंदी की तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि मेहंदी उनकी बेटी मालती मैरी ने लगाई है। मेहंदी में एक जगह निक जोनास के नाम का पहला अक्षर ‘N’ और बेटी मालती के नाम के शुरुआती अक्षर ‘MM’ भी नजर आए।
एक अन्य तस्वीर में प्रियंका ने मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए हाथों पर चाशनी लगाने का देसी तरीका दिखाया। तस्वीरों में निक और मालती साथ नजर आए, जबकि एक तस्वीर में प्रियंका चांद निकलने का इंतजार करती दिखाई दीं।
लाल जोड़े में निक के साथ खोला व्रत
प्रियंका ने करवा चौथ के मौके पर लाल जोड़ा पहना। आखिरी तस्वीर में वह छत पर निक जोनास के साथ नजर आईं और दोनों ने साथ में त्योहार मनाया। प्रियंका हर साल करवा चौथ का व्रत रखती हैं और चांद देखने के बाद निक के हाथों से पानी पीकर व्रत खोलती हैं।
इससे पहले भी प्रियंका ने परिवार के साथ दशहरा और कन्या पूजन की तस्वीरें साझा की थीं। उन तस्वीरों में प्रियंका और निक अपनी बेटी मालती के साथ पूजा करते दिखाई दिए थे।
फिल्म ‘वाराणसी’ में नजर आएंगी प्रियंका
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा जल्द ही एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ में दिखाई देंगी। फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन नकारात्मक भूमिका निभाते नजर आएंगे।
बताई गई रिलीज तारीख के मुताबिक, फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। राजामौली ने हाल ही में फिल्म के बड़े पैमाने पर बनने की बात कही थी।

