रेलवे भर्ती बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती में 3500 अतिरिक्त पद जोड़ने का फैसला किया है, जिससे कुल रिक्तियां बढ़कर 14,627 हो गई हैं।
पटना, 1 अक्टूबर।
रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत की खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) भर्ती में 3500 पदों की बढ़ोतरी की है। रेलवे ने पहले 11,127 पदों के लिए केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी की थी। पदों की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने इसमें 3500 अतिरिक्त पद जोड़ने का निर्णय लिया है। अब कुल रिक्तियों की संख्या बढ़कर 14,627 हो गई है।
आरआरबी पटना पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) के अंतर्गत आता है। यहां भी असिस्टेंट लोको पायलट के पदों में बढ़ोतरी की गई है। पदों की संख्या बढ़ने से बिहार के अभ्यर्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा। बिहार से रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षाओं में 10 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन करते हैं और यहां के अभ्यर्थी देश के अलग-अलग आरआरबी बोर्ड में भी आवेदन करते हैं।
सात जोन में बढ़ाई गईं रिक्तियां
रेलवे भर्ती बोर्ड के आदेश में अतिरिक्त पदों का जोनवार वितरण भी किया गया है। इसके तहत पूर्व तट रेलवे को 450, पूर्व मध्य रेलवे को 500, दक्षिण मध्य रेलवे को 700, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को 200, दक्षिण पूर्व रेलवे को 790, मेट्रो रेलवे को 360 और पश्चिम रेलवे को 500 अतिरिक्त पद आवंटित किए गए हैं।
मेट्रो रेलवे के लिए इंडेंट दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से रखा जाएगा। बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि अतिरिक्त इंडेंट तय समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।
इंडेंटिंग यूनिट द्वारा 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तक, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी (पीसीपीओ) द्वारा 5 अक्टूबर तक, आरआरबी द्वारा 6 अक्टूबर तक और नोडल आरआरबी द्वारा 7 अक्टूबर तक प्रक्रिया पूरी की जानी है।
रेलवे की ओर से अंतिम रिक्तियों का विस्तृत विवरण जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

