‘रामायण’ के लक्ष्मण सुनील लहरी ने मांगी माफी, रक्षाबंधन वीडियो पर मचा था बवाल; बोले- भावुक होकर हो गई गलती

Thecity news
4 Min Read

टीवी सीरियल ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने रक्षाबंधन के दिन शेयर किए गए अपने एक वीडियो को लेकर माफी मांगी है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर बहस छिड़ने के बाद सुनील लहरी ने नया वीडियो जारी कर पूरे मामले पर सफाई दी और अपनी गलती स्वीकार की।

क्या था पूरा मामला?

रक्षाबंधन पर सुनील लहरी ने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह अपनी मुंहबोली बहन से राखी बंधवाते नजर आए थे। उन्होंने बताया था कि वह लड़की कई साल से उन्हें फल बेचती है और उसका कोई भाई नहीं है। इसके बाद उसने उन्हें अपना भाई बनाने का अनुरोध किया था।

वीडियो में लड़की सुनील लहरी के पैर छूती दिखाई दी थी। इसके बाद उन्होंने उसे शगुन के तौर पर पैसे दिए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ लोगों ने उनकी पहल की तारीफ की और कहा कि उन्होंने मानवता की मिसाल पेश की है। वहीं, कुछ लोगों ने वीडियो पर सवाल उठाए और उन्हें ट्रोल किया।

सुनील लहरी ने क्या कहा?

विवाद बढ़ने के बाद सुनील लहरी ने एक्स पर एक नया वीडियो शेयर कर अपनी गलती मानी। उन्होंने कहा कि कभी-कभी इंसान भावुक होकर भावनाओं में बह जाता है और कुछ गलतियां कर बैठता है। उनके मुताबिक, अगर भाव सही हों तो ऐसी गलतियां माफ करने लायक भी होती हैं।

सुनील लहरी ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन वह इस बात को लेकर भावुक हो गए थे कि एक छोटी बच्ची, जिसने बचपन में अपने मां-बाप को खो दिया और जिसका कोई भाई नहीं है, उन्हें अपना भाई मानकर उनके हाथ में राखी बांध रही थी।

उल्टे हाथ में बंधवा ली राखी

सुनील लहरी ने बताया कि इसी भावुकता में वह यह भी भूल गए कि उन्हें सीधे हाथ में राखी बंधवानी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने अनजाने में उल्टा हाथ आगे कर दिया। इसके बाद सोनम ने उनके उल्टे हाथ में राखी बांध दी।

उन्होंने कहा कि सोनम ने इससे पहले कभी राखी नहीं बांधी थी, इसलिए उसे इस बारे में जानकारी नहीं थी। सुनील लहरी के मुताबिक, उन्हें इस गलती का पता बाद में अपने घरवालों और सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के कमेंट से चला।

उन्होंने कहा कि वह आगे इस तरह की गलती न हो, इसकी कोशिश करेंगे और लोगों से माफी मांगी।

पहले भी विवादों में रहे हैं सुनील लहरी

सुनील लहरी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और अक्सर सामाजिक तथा राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं। कुछ समय पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माफी वाले वीडियो पर उनकी प्रतिक्रिया को लेकर भी उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था।

इसके अलावा अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर भी सुनील लहरी ने सख्त बयान दिया था, जिसकी काफी चर्चा हुई थी।

Share This Article