वर्किंग डे पर भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया, सातवें दिन करीब 70.65 करोड़ रुपये कमाकर कई बड़े बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड पीछे छोड़े।
नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। दिवाली की छुट्टियों के बाद भी फिल्म की कमाई की रफ्तार धीमी नहीं पड़ी है। बुधवार को वर्किंग डे होने के बावजूद फिल्म ने मजबूत कलेक्शन किया।
सातवें दिन कितनी हुई कमाई?
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ ने रिलीज के सातवें दिन करीब 70.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसमें हिंदी संस्करण से 58 करोड़ रुपये, कन्नड़ से 4.50 करोड़, मलयालम से 2.75 करोड़, तेलुगु से 2.75 करोड़ और तमिल से 2.65 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 511.10 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म ने सोमवार को करीब 107 करोड़ और मंगलवार को 94 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल
भारत में नेट कलेक्शन के आधार पर ‘रामायण’ बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में दसवें स्थान पर पहुंच गई है। इस सूची में ‘धुरंधर 2’ 1,186.32 करोड़ रुपये के साथ पहले और ‘धुरंधर’ 894.49 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है।
टॉप 10 फिल्मों की सूची में ‘पुष्पा 2’ का हिंदी संस्करण 836.09 करोड़, ‘जवान’ 640.42 करोड़, ‘स्त्री 2’ 627.50 करोड़, ‘छावा’ 615.39 करोड़, ‘एनिमल’ 554 करोड़, ‘पठान’ 543.22 करोड़ और ‘गदर 2’ 525.50 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शामिल हैं।
‘बाहुबली 2’ के हिंदी संस्करण को भी छोड़ा पीछे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ ने सातवें दिन की कमाई के साथ प्रभास की फिल्म ‘बाहुबली 2’ के हिंदी संस्करण के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के बाद फिल्म की नजर अब बॉक्स ऑफिस पर और बड़े रिकॉर्ड बनाने पर है।

