जम्मू-कश्मीर में दो एसपीओ की हत्या, शवों पर मिले गोलियों के निशान

Thecity news
3 Min Read

किश्तवाड़ के दच्चन इलाके से लापता दोनों पुलिसकर्मियों के शव बरामद, सर्विस हथियार भी गायब; आतंकियों की तलाश में अभियान तेज।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दूरदराज दच्चन इलाके में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (एसपीओ) के शव गुरुवार तड़के बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। उनके सर्विस हथियार भी गायब हैं, जिससे आतंकियों की संलिप्तता का शक गहरा गया है।

मृतकों की पहचान बॉबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। दोनों दच्चन के कियार गांव में पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे।

सेना की चौकी जाते समय हुए लापता

अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवान बुधवार को अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे, लेकिन अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे। उनके लापता होने की सूचना मिलने के बाद तलाशी अभियान शुरू किया गया। गुरुवार सुबह दोनों के शव बरामद हुए।

लश्कर कमांडर लतीफ का नाम सामने आया

इस वारदात में लश्कर कमांडर लतीफ भट का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह जुलाई में एक मुठभेड़ के दौरान भाग निकला था। इलाके में दो विदेशी आतंकियों की मौजूदगी का भी शक जताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, आतंकी झाड़ियों के रास्ते फरार हुए हैं। सुरक्षा बलों ने कई इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है, हालांकि अब तक आतंकियों का सुराग नहीं मिला है।

विधायक ने चार गुना कड़ा जवाब देने की मांग की

किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि दोनों एसपीओ की हत्या बेहद दुखद है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से इस वारदात के जिम्मेदार लोगों को जल्द सजा दिलाने की अपील की।

विधायक ने कहा कि दो जवानों की मौत के बदले चार गुना कड़ा जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि वह घटनास्थल के लिए रवाना हो रही हैं। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Share This Article