जम्मू-कश्मीर के रामबन के बटोट में जियारत मोड़ के पास कार में मिले दोनों पुलिसकर्मी, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया; मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के बटोट में मंगलवार शाम दो पुलिसकर्मियों की मौत से हड़कंप मच गया। जियारत मोड़, सना इलाके में एक कार के अंदर दो पुलिसकर्मी बेहोशी की हालत में मिले। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
मृतकों की हुई पहचान
मृतकों की पहचान हेड कांस्टेबल फरीद अहमद (नंबर 408/आरबीएन), निवासी भट्टी रामबन और सिलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल (एसजीसीटी) मोहम्मद याकूब (नंबर 309/आरबीएन), निवासी जटगली रामबन के रूप में हुई है। दोनों जिला पुलिस लाइंस (डीपीएल) रामबन में तैनात थे।
कार में बेहोशी की हालत में मिले थे
पुलिस के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मी फिएट वियास कार नंबर JK-19/5299 में बेहोशी की हालत में मिले थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मंगलवार रात करीब 8:30 बजे मिली। इसके बाद एसएसपी रामबन अरुण गुप्ता और चिकित्सा अधीक्षक भी अस्पताल पहुंचे।
मौत की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए जिला अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और उस कार की भी जांच की जा रही है, जिसमें दोनों पुलिसकर्मी मिले थे। मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
परिवारों में पसरा मातम
घटना की सूचना दोनों पुलिसकर्मियों के परिवारों को दे दी गई है। खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

