तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में कई बड़े ऐलान किए हैं। सरकार ने गरीब परिवारों को हर साल तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की योजना की घोषणा की है। ‘अन्नपूर्णानी सुपर सिक्स’ नाम की यह योजना पोंगल 2027 से शुरू होगी। इसके तहत सालाना 2।5 लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों को हर साल तीन सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे।
सरकार के मुताबिक, इस योजना से करीब 1।30 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा। इसके लिए राज्य के खजाने से हर साल करीब 4 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री विजय ने बताया कि लाभार्थियों को पहले सिलेंडर खरीदना होगा और इसके बाद उसकी कीमत सीधे उनके बैंक खाते में जमा की जाएगी। हर साल तीन सिलेंडर की राशि इसी तरह वापस की जाएगी।
महिलाओं को एक्सप्रेस और डीलक्स बसों में भी मुफ्त यात्रा
मुख्यमंत्री विजय ने महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का दायरा बढ़ाने का भी ऐलान किया। अब महिलाओं को सामान्य बसों के अलावा एक्सप्रेस, एलएसएस और डीलक्स बसों में भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा अंतर-जिला बसों में भी महिलाओं को ‘वेट्री पयाना थिट्टम’ के तहत मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की गई है। यह योजना 2 अक्टूबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसजेंडर यात्रियों को भी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
सरकार के इन फैसलों को महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
परंदूर एयरपोर्ट को लेकर सरकार का रुख साफ
चेन्नई के परंदूर में प्रस्तावित नए एयरपोर्ट को लेकर भी मुख्यमंत्री विजय ने सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे स्थान की तलाश कर रही है, जहां एयरपोर्ट के निर्माण से परिवार प्रभावित न हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परंदूर एयरपोर्ट का स्थानीय लोगों ने विरोध किया था और वह प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने नए एयरपोर्ट के लिए कुछ वैकल्पिक स्थानों की पहचान की है और दोहराया कि सरकार परंदूर में एयरपोर्ट बनाने के पक्ष में नहीं है।
मीनांबक्कम एयरपोर्ट पर बनेगा नया टर्मिनल-5
विजय ने चेन्नई के मौजूदा मीनांबक्कम एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल-5 बनाने का भी ऐलान किया। सरकार का कहना है कि विकास परियोजनाओं के कारण परिवारों को विस्थापित करने से बचना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने किसानों को देश की रीढ़ बताते हुए कहा कि विकास के नाम पर उनके हितों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसे में सरकार ने एक ओर गरीब परिवारों के लिए मुफ्त एलपीजी सिलेंडर और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का ऐलान किया है, वहीं दूसरी ओर परंदूर एयरपोर्ट को लेकर स्थानीय लोगों के हित में अपना रुख दोहराया है।

