न्यूजीलैंड दौरे से इन 4 खिलाड़ियों का कट सकता है पत्ता, श्रीलंका सीरीज में थे टीम इंडिया का हिस्सा

Thecity news
5 Min Read

आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद भारतीय टीम के टेस्ट क्रिकेट सीजन की शुरुआत शानदार रही है। अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौता टेस्ट आसानी से जीतने के बाद टीम इंडिया ने श्रीलंका की मुश्किल चुनौती भी पार कर ली। कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच भले ही टीम इंडिया नहीं जीत पाई, लेकिन भारत ने सीरीज 1-0 से अपने नाम की। अब टीम इंडिया का अगला मिशन करीब 3 महीने बाद है और कम से कम 4 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर बैठ सकते हैं।

कब और कहां होगी भारत की अगली टेस्ट सीरीज?

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के अपने अभियान के तहत 4 टेस्ट सीरीज खेल चुकी भारतीय टीम का अगला पड़ाव न्यूजीलैंड है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से 2 टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होगी। यह पूरी सीरीज न्यूजीलैंड में खेली जाएगी। भारतीय टीम 6 साल से ज्यादा वक्त के बाद न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएगी। ऐसे में स्क्वॉड के ज्यादातर खिलाड़ियों के लिए कीवी परिस्थितियों में खेलना नया अनुभव होगा।

कप्तान शुभमन गिल भी पहली बार न्यूजीलैंड में टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे। हालांकि, उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड जाने वाले स्क्वॉड में कम से कम 4 ऐसे खिलाड़ी बाहर हो सकते हैं, जो श्रीलंका दौरे पर टीम का हिस्सा थे। इसकी वजह न्यूजीलैंड की परिस्थितियां, श्रीलंका में खिलाड़ियों का प्रदर्शन और कुछ खिलाड़ियों की चोट से वापसी हो सकती है।

स्पिनरों के लिए मुश्किल होगी जगह बनाना

न्यूजीलैंड में वेलिंग्टन और क्राइस्टचर्च में टेस्ट सीरीज के मुकाबले खेले जाने हैं, जहां तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है। ऐसे में भारतीय स्क्वॉड में तेज गेंदबाजों को प्राथमिकता मिल सकती है। इस स्थिति में बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव और कोलंबो टेस्ट में डेब्यू करने वाले सारांश जैन के लिए जगह बनाना मुश्किल हो सकता है।

भारतीय टीम में इसके बावजूद कम से कम 2 स्पिनरों को जगह मिल सकती है। रवींद्र जडेजा की जगह लगभग तय मानी जा रही है, जबकि चोट से उबरकर वॉशिंगटन सुंदर की भी वापसी की उम्मीद है। मानव सुथार के लिए न्यूजीलैंड में प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना मुश्किल होगा, हालांकि उन्हें स्क्वॉड में शामिल किए जाने की संभावना ज्यादा है।

आकिब नबी को फिर करना पड़ सकता है डेब्यू का इंतजार

न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों के बावजूद आकिब नबी को टीम से बाहर बैठना पड़ सकता है। नबी को जसप्रीत बुमराह की चोट के बाद श्रीलंका सीरीज के लिए टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला।

बुमराह के न्यूजीलैंड सीरीज के लिए फिट होकर लौटने की उम्मीद है। उनके साथ मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की जगह भी मजबूत मानी जा रही है। चौथे तेज गेंदबाज के लिए गुरनूर बराड़ को प्राथमिकता मिलने की संभावना है। वहीं, हर्षित राणा के फिट होने पर उनकी भी टीम में वापसी हो सकती है। ऐसे में नबी को टेस्ट डेब्यू के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।

बिना खेले ही बाहर हो सकते हैं सरफराज खान

बल्लेबाजी में सरफराज खान के लिए भी न्यूजीलैंड दौरे पर जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है। न्यूजीलैंड की स्विंग और बाउंस वाली परिस्थितियों में उनकी बल्लेबाजी को लेकर टीम मैनेजमेंट के सामने सवाल हो सकते हैं। ऐसे में भारतीय टीम बैटिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को मौका दे सकती है।

नीतीश की मीडियम पेस गेंदबाजी न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में टीम के लिए अतिरिक्त विकल्प दे सकती है। वह बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड में वह कितने सफल होंगे, यह कहना अभी मुश्किल है, लेकिन टीम मैनेजमेंट की रणनीति को देखते हुए सरफराज की तुलना में नीतीश को प्राथमिकता मिलने की संभावना नजर आती है।

Share This Article