ठाणे में शिवसेना यूबीटी नेता की गोली मारकर हत्या, दो राउंड फायरिंग के बाद मचा हड़कंप

Thecity news
2 Min Read

प्रदीप ‘बाला’ पूर्णेकर पर अज्ञात हमलावरों ने हमला किया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

ठाणे, 30 सितंबर।

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रदीप ‘बाला’ पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे कपूरबावड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के मनोरमानगर-मानपाड़ा इलाके में हुई। अज्ञात हमलावरों ने पूर्णेकर पर दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रदीप पूर्णेकर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के ठाणे विभाग प्रमुख थे। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें घोड़बंदर रोड स्थित आर मॉल के पास इन्फिनिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फोरेंसिक जांच शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने संदिग्धों की तलाश के लिए ठाणे के प्रमुख निकास मार्गों पर नाकाबंदी भी की। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

हमले की वजह अभी साफ नहीं

पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। जांच में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता और व्यक्तिगत दुश्मनी समेत अलग-अलग पहलुओं को देखा जा रहा है। हमलावर कितने थे और उन्होंने किस वजह से पूर्णेकर को निशाना बनाया, इसकी जानकारी जांच आगे बढ़ने के बाद सामने आएगी।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। शिवसेना (यूबीटी) के स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share This Article