उत्तरकाशी में नदी में गिरी इनोवा कार, चार लोगों की मौत; दो की तलाश जारी

Thecity news
3 Min Read

गंगनानी के पास गंगोत्री हाईवे पर हुआ हादसा, वाहन में सात लोग सवार थे; एक घायल को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। वाहन में सवार दो अन्य लोगों की तलाश के लिए नदी में बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा गंगनानी धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे नदी में जा गिरी।

पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान में जुटीं

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। नदी में गिरे लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को गंगनानी के पास एक कार के नदी में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।

कार में सवार थे सात लोग

शार्दूल गुसाईं के अनुसार, हादसे का शिकार हुई इनोवा कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें छह लोग गुजरात के रहने वाले थे, जबकि चालक उत्तराखंड का निवासी बताया गया है।

बचाव दल अब तक चार लोगों के शव बरामद कर चुका है। एक घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। बाकी दो लोगों की तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।

फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित अधिकारी राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। अभियान पूरा होने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

Share This Article