गाजियाबाद में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, कहा- भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिसे जनता लगातार नकार रही है, वह आज लोकतंत्र पर सवाल उठा रहा है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को गाजियाबाद में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता कांग्रेस और इंडी गठबंधन को लगातार नकार रही है।
संवैधानिक मर्यादाओं और जनादेश के सम्मान पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लोकतंत्र जनता के विश्वास, संवैधानिक मर्यादाओं और जनादेश के सम्मान पर आधारित देश की राष्ट्रीय शक्ति है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता द्वारा लगातार नकारे जाने के बावजूद कांग्रेस और इंडी गठबंधन भारत के लोकतंत्र को अराजकता, अस्थिरता और अव्यवस्था की ओर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक मर्यादाओं के सम्मान और जनादेश की सर्वोच्चता का संदेश देने के लिए गाजियाबाद में यह पदयात्रा निकाली गई।
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध भाजपा कार्यकर्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और भारत के लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता का विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी है।
उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर लोकतंत्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोगों को इन मुद्दों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।

