‘मुसाफिर कैफे’ के बाद विक्रांत मैसी अब बड़े पर्दे पर एक नए अवतार में नजर आने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन की अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘चौहान’ में उनकी एंट्री हो गई है, जहां वह ग्रे शेड वाले अहम किरदार में दिखाई देंगे।
‘चौहान’ में होगा अजय देवगन और विक्रांत मैसी का आमना-सामना
विक्रांत मैसी इन दिनों अपनी वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसे हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया है। इसी बीच मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि विक्रांत अब अजय देवगन की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘चौहान’ का हिस्सा बन गए हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में वह एक अहम निगेटिव भूमिका निभाएंगे, जिससे कहानी में बड़ा मोड़ आएगा।
ग्रे शेड वाले किरदार में दिखेंगे विक्रांत
रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्माता आनंद एल राय ने सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस एक्शन थ्रिलर के लिए विक्रांत मैसी को साइन किया है। फिल्म में उनका किरदार ग्रे शेड वाला होगा और उनका मुकाबला सीधे अजय देवगन के किरदार से होगा। कहा जा रहा है कि दर्शकों को विक्रांत का यह अंदाज पहले कभी देखने को नहीं मिला होगा।
स्क्रिप्ट पसंद आते ही कही हां
बताया जा रहा है कि विक्रांत मैसी को फिल्म की स्क्रिप्ट काफी पसंद आई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इस प्रोजेक्ट के लिए हामी भर दी। फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन चरण में है और इसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
2027 में सिनेमाघरों में होगी रिलीज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘चौहान’ की शूटिंग 2026 के आखिर में शुरू होगी। फिल्म का निर्देशन नीरज यादव कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण जियो स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म को 1 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।

