टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले शायद ही किसी ने सोचा होगा कि पूर्व चैंपियन Australia ग्रुप स्टेज से बाहर होने की कगार पर पहुंच जाएगी। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जॉश हेजलवुड जैसे प्रमुख गेंदबाजों की गैरमौजूदगी के बावजूद टीम को कम से कम सेमीफाइनल तक पहुंचने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था।
लेकिन महज सात दिनों के भीतर कप्तान Mitchell Marsh की अगुवाई वाली टीम का अभियान पटरी से उतरता नजर आ रहा है। ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला खेलने से पहले ही ऑस्ट्रेलिया बाहर होने की स्थिति में है और मंगलवार 17 फरवरी को इस पर अंतिम मुहर लग सकती है।
लगातार दूसरी हार ने बिगाड़ा समीकरण
टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से हुई, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला मुकाबला 11 फरवरी को खेला। उस मैच में टीम ने Ireland को हराकर शानदार शुरुआत की थी।
हालांकि इसके बाद हालात तेजी से बदले। अगले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को Zimbabwe के खिलाफ उलटफेर का सामना करना पड़ा। टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में यह सिर्फ दूसरी बार (पहली बार 2007 में) था जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया।
उम्मीद थी कि टीम वापसी करेगी, लेकिन 16 फरवरी को मेजबान Sri Lanka ने ऑस्ट्रेलिया को 18 ओवर में 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस हार ने कंगारू टीम की संभावनाओं को लगभग खत्म कर दिया है।
कुछ ही घंटों में बाहर होने का खतरा
तीन मैचों में सिर्फ 2 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर है। हर ग्रुप से केवल दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी और फिलहाल श्रीलंका क्वालिफाई कर चुका है।
दूसरे स्थान पर जिम्बाब्वे है, जिसके 4 अंक हैं। अब सबकी नजर जिम्बाब्वे और आयरलैंड के मुकाबले पर टिकी है। अगर सिकंदर रजा की अगुवाई वाली जिम्बाब्वे टीम यह मैच जीत लेती है, तो वह अगले दौर में पहुंच जाएगी और ऑस्ट्रेलिया का सफर समाप्त हो जाएगा।
कैसे बच सकती है ऑस्ट्रेलिया?
ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें अब दूसरे नतीजों पर निर्भर हैं।
- अगर जिम्बाब्वे आयरलैंड से हारती है, तो उसके पास श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच में क्वालिफाई करने का मौका रहेगा।
- ऑस्ट्रेलिया को अपने अंतिम मुकाबले में ओमान को हराना ही होगा।
- साथ ही उसे उम्मीद करनी होगी कि जिम्बाब्वे अपने बचे दोनों मैच हार जाए।
ऐसी स्थिति में जिम्बाब्वे, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड तीनों के 4-4 अंक हो सकते हैं। तब फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। बेहतर रनरेट होने पर ऑस्ट्रेलिया के पास सुपर-8 में पहुंचने का मौका रहेगा।
फिलहाल कंगारू टीम की किस्मत दूसरों के प्रदर्शन पर टिकी हुई है और कुछ ही घंटों में उसका टी20 वर्ल्ड कप अभियान खत्म हो सकता है।

