मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कीमतों में बढ़ोतरी, सरकार ने रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। सूत्रों के मुताबिक 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इजाफा किया गया है। इसके बाद Delhi में घरेलू सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है।
इसके साथ ही 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में भी 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई दरों के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1883 रुपये और Mumbai में 1835 रुपये हो गई है। गैस की नई कीमतें आज से लागू कर दी गई हैं।
रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश
इस बीच सरकार ने सभी एलपीजी रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इनमें सरकारी और निजी दोनों रिफाइनरियां शामिल हैं। दरअसल Iran और Israel के बीच बढ़ते तनाव के कारण मिडिल ईस्ट की स्थिति पर भारत सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।
भारत में ऊर्जा की कमी नहीं होगी
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री Hardeep Singh Puri ने भी कहा है कि मौजूदा जियोपॉलिटिकल अस्थिरता के बावजूद भारत को ऊर्जा की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कच्चे तेल की आपूर्ति में संभावित रुकावटों को लेकर उठ रही चिंताओं पर यह बयान दिया।
पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार
सरकारी सूत्रों के अनुसार भारत के पास फिलहाल गैस और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। देश में क्रूड ऑयल, पेट्रोल, डीजल और LPG का पर्याप्त स्टॉक है और तेल कंपनियां आपूर्ति में किसी संभावित बाधा से निपटने के लिए खाड़ी क्षेत्र के बाहर के देशों से भी आयात कर रही हैं।
गौरतलब है कि युद्ध के बाद Strait of Hormuz से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं, जिससे कच्चे तेल की आपूर्ति में बाधा की आशंका जताई जा रही है। सरकार का कहना है कि क्षेत्र के घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

