बिहार में चौथे चरण की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया (TRE-4) में इस बार बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) अब भर्ती के लिए जिलावार वैकेंसी जारी करेगा और अभ्यर्थियों को इस बार तीन नहीं बल्कि पूरे 38 जिलों का विकल्प भरने का मौका मिलेगा।
मेरिट के आधार पर मिलेगा जिला
नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को उनकी मेधा सूची (मेरिट) के अनुसार जिला आवंटित किया जाएगा। यदि कोई उम्मीदवार जिला विकल्प नहीं भरता है, तो उसे किसी भी जिले के लिए चयनित नहीं किया जाएगा। साथ ही चयन प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर का भी पालन किया जाएगा।
‘अल्फाबेट सिस्टम’ खत्म करने की तैयारी
TRE-4 में पुराने अल्फाबेट सिस्टम को हटाने की तैयारी है, ताकि भविष्य में ट्रांसफर से जुड़ी समस्याएं कम हो सकें। नए नियम के अनुसार, जिस जिले में चयन होगा, वहीं पर नियुक्ति और सेवा देनी होगी।
अप्रैल में जारी हो सकता है विज्ञापन
शिक्षा विभाग और BPSC के बीच इस बदलाव को लेकर चर्चा हो चुकी है। अंतिम सहमति के बाद विज्ञापन जारी किया जाएगा। संभावना है कि अप्रैल 2026 में TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी हो सकता है।
46,595 पदों पर होगी भर्ती
इस चरण में कुल 46,595 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होनी है।
- शिक्षा विभाग में कक्षा 1 से 12 तक: लगभग 45,000 पद
- अन्य विभाग (SC/ST, OBC, अल्पसंख्यक): करीब 1,559 पद
परीक्षा और रिजल्ट की संभावित तारीख
आयोग के कैलेंडर के अनुसार परीक्षा 22 से 27 सितंबर के बीच आयोजित हो सकती है, जबकि रिजल्ट नवंबर में आने की संभावना है।
अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, जल्द विज्ञापन की मांग
TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने पटना में मार्च निकाला। बिहार स्टूडेंट यूनियन के नेतृत्व में हजारों छात्र सड़कों पर उतरे और नारेबाजी की।
छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने BPSC अधिकारियों से मुलाकात की, जहां बताया गया कि 20 मार्च को शिक्षा विभाग के साथ बैठक के बाद विज्ञापन जारी किया जा सकता है।
दो साल से कर रहे हैं इंतजार
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से इस भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। कई बार जल्द विज्ञापन जारी होने के आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

