वासंतिक नवरात्र के साथ गुरुवार से शुरू हो रहे हिंदी नववर्ष के पहले दिन द्रौपदी मुर्मु का राम मंदिर आगमन निर्धारित है। वह यहां श्रीराम नाम मंदिर और श्रीराम यंत्र स्थापना से जुड़े विशेष पूजन कार्यक्रम में भाग लेंगी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
दर्शन व्यवस्था में बदलाव, अतिथियों के लिए विशेष प्रबंध
कार्यक्रम को देखते हुए विभिन्न प्रकार के पास अस्थायी रूप से स्थगित कर दिए गए हैं। रंगमहल बैरियर का प्रवेश द्वार आमंत्रित अतिथियों के लिए आरक्षित रहेगा, जबकि आम श्रद्धालु भी रामलला के दर्शन कर सकेंगे। दर्शन के लिए प्रवेश आदि गुरु रामानंदाचार्य द्वार से दिया जाएगा।
11 बजे पहुंचेगी राष्ट्रपति, विशेष पूजन कार्यक्रम
राष्ट्रपति मुर्मु का आगमन पूर्वाह्न 11 बजे तय है। वह महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचकर सड़क मार्ग से मंदिर जाएंगी। मंदिर परिसर में प्रवेश के बाद वे सप्त मंडपम में जाकर रामायण कालीन ऋषियों और पात्रों के दर्शन करेंगी तथा माता शबरी का पूजन करेंगी। इसके बाद रामलला के दर्शन कर प्रथम तल पर राम परिवार की आरती में शामिल होंगी।
श्रीराम यंत्र स्थापना के पूजन में लेंगी भाग
राष्ट्रपति श्रीराम यंत्र स्थापना के पूजन में भाग लेंगी और सभा को संबोधित भी करेंगी। यह अनुष्ठान सप्त दिवसीय पूजा के बाद पूर्णाहुति के चरण में है, जिसमें हवन भी किया जाएगा।
संत-महात्माओं और नेताओं की मौजूदगी
इस अवसर पर मां अमृतानंदमयी अपने 1100 से अधिक भक्तों के साथ पहले ही अयोध्या पहुंच चुकी हैं। कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल, योगी आदित्यनाथ और दत्तात्रेय होसबोले भी मौजूद रहेंगे।
श्रीराम यंत्र की विशेषता
मंदिर के दूसरे तल पर स्थापित श्रीराम यंत्र पंचधातु से निर्मित और प्राण प्रतिष्ठित है, जिसे कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य स्वामी विजयेन्द्र सरस्वती द्वारा प्रदान किया गया था। देशभर में पूजा के बाद इसे अयोध्या लाया गया।
इसके साथ ही राम नाम मंदिर में चांदी की पट्टिका पर स्वर्ण से ‘श्रीराम’ अंकित किया गया है, जो इसकी आध्यात्मिक महत्ता को और बढ़ाता है।

