अगर आप बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। अब सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSU Banks) में नौकरी पाने के लिए सिर्फ लिखित परीक्षा और इंटरव्यू पास करना ही काफी नहीं होगा, बल्कि उम्मीदवारों का अच्छा क्रेडिट स्कोर भी जरूरी होगा।
भर्ती प्रक्रिया में शामिल हुआ CIBIL स्कोर
नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, बैंक अब भर्ती के दौरान उम्मीदवारों का CIBIL स्कोर और क्रेडिट हिस्ट्री चेक करेंगे। बैंकों का मानना है कि जो व्यक्ति जनता के पैसे को संभालेगा, उसका खुद का वित्तीय रिकॉर्ड साफ और विश्वसनीय होना चाहिए।
किन उम्मीदवारों पर पड़ेगा असर?
यह नियम उन सभी उम्मीदवारों पर लागू होगा जो इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सेलेक्शन (IBPS) या सीधे बैंक भर्ती परीक्षाओं के जरिए चयनित होते हैं।
- लोन डिफॉल्टर: जिन उम्मीदवारों ने पर्सनल लोन या क्रेडिट कार्ड का भुगतान नहीं किया है, उन्हें अयोग्य माना जा सकता है।
- कम क्रेडिट स्कोर: EMI में देरी या भुगतान में चूक करने वाले उम्मीदवारों को जॉइनिंग में परेशानी हो सकती है।
- एजुकेशन लोन: इस मामले में कुछ राहत दी गई है, लेकिन जानबूझकर डिफॉल्ट करने पर कार्रवाई हो सकती है।
‘कैरेक्टर और एंटीसिडेंट’ वेरिफिकेशन में शामिल रिपोर्ट
अब बैंक भर्ती से पहले ‘कैरेक्टर और एंटीसिडेंट’ (C&A) वेरिफिकेशन के तहत उम्मीदवारों से उनकी CIBIL रिपोर्ट भी मांग रहे हैं। कई मामलों में उम्मीदवारों को खुद अपनी रिपोर्ट जमा करनी होती है। अगर रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी मिलती है, तो उम्मीदवार की नियुक्ति रद्द की जा सकती है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
बैंकिंग विशेषज्ञों के अनुसार, यह कदम वित्तीय अनुशासन बनाए रखने और बैंकिंग सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाया गया है। इससे ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता मिलेगी, जिनका वित्तीय व्यवहार जिम्मेदार रहा है।
एक्सपर्ट की सलाह: क्या करें उम्मीदवार?
विशेषज्ञों का कहना है कि बैंकिंग परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ उम्मीदवारों को अपने वित्तीय रिकॉर्ड पर भी ध्यान देना चाहिए।
- समय-समय पर CIBIL स्कोर चेक करें
- पुराने लोन या क्रेडिट कार्ड बकाया तुरंत चुकाएं
- बैंक से ‘नो ड्यूज सर्टिफिकेट’ जरूर लें

