भारतीय रेलवे ने यात्रियों की बेहतर सुविधा और प्रीमियम ट्रेनों में सेवा स्तर सुधारने के उद्देश्य से कोच अटेंडेंट की योग्यता में बड़ा बदलाव किया है। अब मेल-एक्सप्रेस से लेकर वंदे भारत जैसी ट्रेनों में कोच अटेंडेंट बनने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास कर दी गई है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के पास आईटीआई डिग्री और हाउसकीपिंग में तीन महीने का व्यवहारिक प्रशिक्षण होना भी अनिवार्य होगा।
पहले 10वीं पास से होती थी भर्ती
अब तक कोच अटेंडेंट के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास थी, लेकिन रेलवे बोर्ड को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इस मानक को बढ़ाने का फैसला लिया गया। रेलवे बोर्ड के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के निदेशक लव कुमार ने इस संबंध में सभी रेलवे जोन के महाप्रबंधकों को पत्र जारी कर नए निर्देश लागू करने को कहा है।
प्रीमियम ट्रेनों में सेवा सुधार मुख्य उद्देश्य
रेलवे ने हाल के वर्षों में वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन ट्रेनों में यात्रियों को उच्च स्तर की सुविधा देने के लिए प्रशिक्षित और तकनीकी रूप से सक्षम स्टाफ की जरूरत महसूस की जा रही थी।
कम शैक्षणिक योग्यता और प्रशिक्षण की कमी के कारण कई कोच अटेंडेंट यात्रियों की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पा रहे थे, जिससे रेलवे की छवि प्रभावित हो रही थी।
भाषा और व्यवहार कौशल की कमी बनी समस्या
रेलवे बोर्ड को मिली शिकायतों में यह भी सामने आया कि कई कोच अटेंडेंट हिंदी या अन्य भाषाओं में यात्रियों से प्रभावी संवाद नहीं कर पाते थे। खासकर दूसरे राज्यों के यात्रियों को इससे परेशानी होती थी।
नई योग्यता में सुधार से उम्मीद है कि कोच अटेंडेंट बेहतर संवाद, व्यवहार और सेवा गुणवत्ता प्रदान कर सकेंगे।
निजी एजेंसियों के जरिए होती है भर्ती
रेलवे सीधे कोच अटेंडेंट की भर्ती नहीं करता है। इनकी नियुक्ति निजी एजेंसियों, ठेकेदारों या आउटसोर्सिंग कंपनियों के माध्यम से होती है।
ये एजेंसियां एसी कोच में यात्रियों की सुविधा, सफाई, और चादर-कंबल जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कर्मचारियों की तैनाती करती हैं।
यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की पहल
रेलवे का मानना है कि बढ़ी हुई योग्यता और प्रशिक्षण के जरिए यात्रियों को बेहतर सेवा मिलेगी, जिससे शिकायतों में कमी आएगी और रेलवे की छवि मजबूत होगी।

