रवि बिश्नोई का धमाका, 4 विकेट लेकर रचा इतिहास; RR को दिलाई शानदार जीत

Thecity news
2 Min Read

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 9वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के स्टार स्पिनर रवि बिश्नोई ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 4 विकेट झटके। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत RR ने मैच में वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।


बिश्नोई की गेंदबाजी से पलटा मैच

211 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही GT की टीम को बिश्नोई ने बड़ा झटका दिया। उन्होंने 107 रन के स्कोर पर साई सुदर्शन (73) को आउट कर अपना खाता खोला।

इसके बाद उन्होंने ग्लेन फिलिप्स (3) को पवेलियन भेजते ही टी-20 क्रिकेट में अपने 200 विकेट पूरे किए। बिश्नोई यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे वाशिंगटन सुंदर (4) और राहुल तेवतिया (12) को भी आउट किया।

उन्होंने अपने 4 ओवर में 41 रन देकर 4 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।


टी-20 करियर में 200 विकेट का आंकड़ा पार

रवि बिश्नोई ने 2019 में अपने टी-20 करियर की शुरुआत की थी। अब तक वह 170 मैचों की 169 पारियों में 23.44 की औसत और 7.55 की इकॉनमी से 202 विकेट ले चुके हैं।

इस दौरान उन्होंने 3 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/13 रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने 44 टी-20 मैचों में 64 विकेट अपने नाम किए हैं।


IPL करियर में भी लगातार शानदार प्रदर्शन

बिश्नोई ने IPL में 2020 में डेब्यू किया था। वह अब तक 79 मैचों की 78 पारियों में 29.68 की औसत और 8.21 की इकॉनमी से 77 विकेट ले चुके हैं।

दिलचस्प बात यह है कि यह IPL में उनका पहला 4 विकेट हॉल रहा। वह पंजाब किंग्स (PBKS) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए भी खेल चुके हैं।

Share This Article