इंग्लैंड के बल्लेबाज ने तीसरे वनडे में 15 चौके और तीन छक्के लगाए, यह उनके करियर का सातवां वनडे शतक है।
इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज बेन डकेट ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में शानदार शतक जड़ दिया। उन्होंने 94 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की और इसके बाद भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। यह उनके वनडे करियर का सातवां शतक है। खास बात यह है कि डकेट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन अलग-अलग देशों में वनडे शतक लगा चुके हैं।
115 गेंदों में 133 रन बनाकर लौटे पवेलियन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में इंग्लैंड की ओर से टॉम बैंटन और बेन डकेट ने पारी की शुरुआत की। बैंटन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 44 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर आए जो रूट केवल 12 रन बना सके। कप्तान हैरी ब्रूक भी 17 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
एक छोर पर बेन डकेट ने मजबूती से मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 94 गेंदों में शतक पूरा किया और इसके बाद तेजी से रन बनाने शुरू कर दिए। आखिरकार वह 115 गेंदों में 133 रन बनाकर आउट हुए। उनकी पारी में 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने तक इंग्लैंड की टीम 250 से ज्यादा रन बना चुकी थी।
पिछले पांच वनडे में लगा चुके हैं तीन शतक
बेन डकेट अब तक अपने वनडे करियर में सात शतक लगा चुके हैं। इनमें से तीन शतक उन्होंने पिछले पांच वनडे मुकाबलों में बनाए हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और पाकिस्तान में भी शतक जड़ चुके हैं। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए डकेट इंग्लैंड के लिए लगातार अहम पारियां खेल रहे हैं।
सीरीज जीतने के लिए दोनों टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला
तीन मैचों की वनडे सीरीज में फिलहाल दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर हैं। पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद इंग्लैंड ने दूसरे वनडे में 135 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल कर सीरीज में वापसी की।
ऐसे में तीसरा मुकाबला सीरीज के नतीजे के लिहाज से बेहद अहम है। इसे जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी।

