दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: चलती कार में आग लगने से 5 जिंदा जले, ड्राइवर गंभीर

Thecity news
3 Min Read

राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चलती कार में अचानक आग लगने से पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।


रात 1 बजे मौजपुर के पास हुआ हादसा

डीएसपी कैलाश जिंदल के अनुसार, यह हादसा रात करीब 1 बजे लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 के नजदीक हुआ। कार दिल्ली से कोटा की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया, जिससे अंदर सवार लोगों को निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

बंगाल एग्जिट पोल में बड़ा उलटफेर: Mamata Banerjee बनाम BJP, किसकी बनेगी सरकार?

5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

कार में सवार मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि किसी को बचने का मौका नहीं मिल सका।


ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, 80% झुलसा

चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह जलती कार से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गया। उसे पहले पिनान के सीएचसी और बाद में गंभीर हालत में अलवर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


दमकल और पुलिस ने संभाला मोर्चा

राहगीरों की सूचना पर NHAI पेट्रोलिंग टीम, एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची।
तीन दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

मौके पर SHO नेकीराम के साथ पुलिस टीम और बाद में एसपी सुधीर चौधरी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया।


जांच जारी, कारणों का पता लगाया जा रहा

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य वजह से।

मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


हाईवे सेफ्टी पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर वाहन सुरक्षा और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, हाईवे पर नियमित वाहन जांच और सेफ्टी सिस्टम बेहद जरूरी हैं।

Share This Article