मिडिल-ईस्ट तनाव का भारत पर असर, तेल कंपनियों ने बढ़ाए ईंधन के दाम; आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है महंगाई
मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और तेल संकट का असर अब भारत में साफ दिखाई देने लगा है। पिछले 48 घंटों में आम जनता को महंगाई के तीन बड़े झटके लगे हैं। पहले देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों ने दूध के दाम बढ़ाए, फिर सीएनजी महंगी हुई और अब तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है।
इस लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई से लेकर सड़क पर सफर तक का खर्च बढ़ा दिया है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ने से अब आने वाले दिनों में जरूरी सामानों की कीमतों में भी तेजी आने की आशंका जताई जा रही है।
पेट्रोल-डीजल के दाम में कितना हुआ इजाफा?
देश की तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है।
दिल्ली में नई कीमतें
- सामान्य पेट्रोल: ₹94.77 से बढ़कर ₹97.91 प्रति लीटर
- प्रीमियम पेट्रोल: ₹105.14 से ₹107.14 प्रति लीटर
- सामान्य डीजल: ₹87.67 से बढ़कर ₹90.78 प्रति लीटर
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 3.14 रुपए प्रति लीटर महंगा होकर 97.77 रुपए पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमत में 3.11 रुपए की वृद्धि हुई है और अब इसकी कीमत 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है।
CNG भी हुई महंगी
पेट्रोल-डीजल के अलावा देशभर में सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। सीएनजी के दाम में 2 रुपए प्रति किलो का इजाफा हुआ है।
दिल्ली में अब एक किलो सीएनजी की कीमत 79.09 रुपए हो गई है। इससे पहले मुंबई में भी सीएनजी के दाम बढ़ाए गए थे।
क्यों बढ़ रही है भारत में महंगाई?
भारत में बढ़ती महंगाई के पीछे सबसे बड़ा कारण मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष को माना जा रहा है। खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी संकट ने वैश्विक तेल सप्लाई को प्रभावित कर दिया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की नाकेबंदी के कारण होर्मुज स्ट्रेट में दुनियाभर के 1,500 से ज्यादा जहाज फंसे हुए हैं। इनमें भारत के तेल और गैस से जुड़े जहाज भी शामिल बताए जा रहे हैं।
तेल कंपनियों को हो रहा भारी नुकसान
पेट्रोलियम मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद भारतीय तेल कंपनियों को प्रतिदिन लगभग 1,000 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है।
अब तक कंपनियों का कुल नुकसान 70 से 75 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है, जबकि पिछली तिमाही का घाटा करीब 1 लाख करोड़ रुपए बताया जा रहा है। लगातार बढ़ते घाटे की वजह से कंपनियों ने आखिरकार कीमतों में इजाफा करने का फैसला लिया।
पीएम मोदी ने जनता से की थी अपील
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और बसों व मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ाने की अपील की थी।
इसके साथ ही उन्होंने अपने काफिले में वाहनों की संख्या 50 प्रतिशत तक कम करने का फैसला लेकर ऊर्जा संकट की गंभीरता का संकेत दिया था।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है महंगाई
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मिडिल-ईस्ट में तनाव जल्द खत्म नहीं हुआ, तो आने वाले समय में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
ईंधन महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट लागत पर पड़ेगा, जिससे सब्जियां, फल, अनाज और रोजमर्रा की जरूरत की दूसरी चीजें भी महंगी हो सकती हैं। डीजल पर चलने वाले ट्रक, बस और मालवाहक वाहनों की लागत बढ़ने से पूरे बाजार पर महंगाई का दबाव बढ़ेगा।
आम आदमी की बढ़ी चिंता
पिछले दो दिनों में दूध, सीएनजी और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से आम जनता की चिंता बढ़ गई है। पहले से महंगाई का सामना कर रहे मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

