Jantar Mantar Protest: नाबालिग रुचिका सिंह को राहत, दिल्ली पुलिस नहीं करेगी कोई कार्रवाई

Thecity news
3 Min Read

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में नाबालिग रुचिका सिंह को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई है और न ही आगे कोई एफआईआर दर्ज की जाएगी।

दिल्ली पुलिस ने आगे कार्रवाई से किया इनकार

दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस मामले में नोएडा पुलिस ने पहले जीरो एफआईआर दर्ज की थी, जिसे बाद में दिल्ली पुलिस को भेजा गया। हालांकि, मामले की समीक्षा के बाद दिल्ली पुलिस ने इसे आगे न बढ़ाने का फैसला किया है। इससे नाबालिग और उसके परिवार को राहत मिली है।

रुचिका ने मांगी थी सार्वजनिक माफी

वीडियो वायरल होने के बाद रुचिका सिंह ने एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। उसने कहा था कि वह केवल 15 वर्ष की है और प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद लोगों के प्रभाव में आकर उसने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।

रुचिका ने कहा कि उसे अपनी गलती का एहसास है, वह अपने बयान पर शर्मिंदा है और यह उसकी पहली और आखिरी गलती होगी। उसने पूरे देश से माफी भी मांगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी किया था माफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा था कि भटके हुए बच्चों को सजा देने या अदालतों के चक्कर लगवाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वह ऐसे बच्चों को माफ करते हैं और समाज से भी उन्हें माफ कर सही राह दिखाने की अपील की।

मां ने की थी एफआईआर वापस लेने की अपील

शनिवार, 2 अगस्त को रुचिका की मां ने प्रधानमंत्री से एफआईआर वापस लेने की गुहार लगाई थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बड़ा दिल दिखाते हुए उनकी बेटी को माफ कर नई जिंदगी दी है। साथ ही उन्होंने 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की भी मांग की।

जंतर-मंतर पर क्यों हुआ था प्रदर्शन?

कुछ दिन पहले नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ था। इसमें विभिन्न राज्यों के बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए अनशन किया था।

20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शन उग्र हो गया था और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। बाद में सरकार द्वारा आंदोलनकारियों की कुछ मांगें स्वीकार किए जाने के बाद 25 जुलाई को आंदोलन समाप्त कर दिया गया।

Share This Article