वैराइटी की प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले शाहरुख इकलौते भारतीय अभिनेता हैं, उनके साथ हॉलीवुड के कई दिग्गज सितारों को भी जगह मिली है।
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय सिनेमा का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित मनोरंजन पत्रिका वैराइटी ने सर्वकालिक 100 महानतम फिल्म सितारों की सूची जारी की है। इसमें शाहरुख खान को 92वां स्थान मिला है। इस सूची में जगह बनाने वाले वह इकलौते भारतीय अभिनेता हैं।
हॉलीवुड के दिग्गजों के साथ शाहरुख खान
वैराइटी की इस सूची में शाहरुख खान को दुनिया भर के मशहूर फिल्म सितारों के साथ शामिल किया गया है। इसमें मर्लिन मुनरो, चार्ली चैपलिन, जैक निकोलसन, कैथरीन हेपबर्न और टॉम क्रूज जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
शाहरुख की लोकप्रियता भारत तक सीमित नहीं है। दुनियाभर में उनके प्रशंसक हैं और उनकी फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भी खूब पसंद किया जाता है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने वैश्विक सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान को एक बार फिर साबित किया है।
सूची के टॉप-5 सितारे
वैराइटी की सर्वकालिक 100 महानतम फिल्म सितारों की सूची में शुरुआती पांच स्थानों पर ये कलाकार हैं:
- मर्लिन मुनरो
- हम्फ्री बोगार्ट
- चार्ली चैपलिन
- जैक निकोलसन
- कैथरीन हेपबर्न
फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी चर्चा में शाहरुख
शाहरुख खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। इसके जरिए शाहरुख की बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर डेब्यू करेंगी।
फिल्म में दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और अभय वर्मा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। खबरों के मुताबिक, शाहरुख फिल्म में सुहाना के पिता का किरदार निभा सकते हैं।
फिल्म की कहानी को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, अभिषेक बच्चन के किरदार के हाथों दीपिका के किरदार की मौत के बाद सुहाना का किरदार अपने पिता के साथ बदला लेने के मिशन पर निकलता है। हालांकि, निर्माताओं ने अब तक इस कथित कहानी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

