बृजभूषण शरण सिंह यौन उत्पीड़न केस: राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, सभी आरोपों से बरी

Thecity news
3 Min Read

महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े बहुचर्चित मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए पूर्व भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह और उनके सहयोगी विनोद तोमर को सभी आरोपों से बरी कर दिया है। स्पेशल जज अश्विनी पंवार ने बंद कमरे में यह फैसला सुनाया।

इस मामले में कोर्ट ने 10 मई 2024 को बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और धारा 354A के तहत आरोप तय किए थे। इन्हीं धाराओं के तहत विनोद तोमर पर भी आरोप लगाए गए थे।

फैसले के बाद क्या बोले बृजभूषण?

कोर्ट से बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह फिलहाल फैसले पर विस्तृत टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले ही उन्होंने इसे एक साजिश बताया था और अब अदालत के फैसले से उनकी बात सही साबित हुई है।

उन्होंने कहा, “मैंने कभी खुद को अपराधी नहीं माना। मुझे अपने ऊपर पूरा विश्वास था। हम जिन खिलाड़ियों के अधिकारों के लिए लड़ रहे थे, अब वही खिलाड़ी दुनिया में देश का नाम रोशन करेंगे।”

फैसले के बाद उनके समर्थकों ने उनके आवास पर आतिशबाजी कर खुशी भी जताई।

क्या था पूरा मामला?

साल 2023 में कई महिला पहलवानों ने तत्कालीन भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर अपने कार्यकाल के दौरान यौन उत्पीड़न, डराने-धमकाने और पीछा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

इन आरोपों के विरोध में देश के कई शीर्ष पहलवानों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर लंबे समय तक प्रदर्शन किया था। मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना और राजनीतिक बहस भी तेज हो गई।

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर

मामले में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद जून 2023 में पुलिस ने लगभग 1,500 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल की।

चार्जशीट पर संज्ञान लेने के बाद मई 2024 में अदालत ने आरोप तय किए और मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई। अब ट्रायल पूरा होने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को बरी कर दिया।

Share This Article