रोहित पवार का भाजपा पर परिसीमन को लेकर बड़ा आरोप, बोले- ऐसा हुआ तो लोकतंत्र कायम नहीं रहेगा

Thecity news
3 Min Read

मुंबई एनसीपी (शरद गुट) के विधायक रोहित पवार ने परिसीमन को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि परिसीमन के नाम पर विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव की तैयारी की जा रही है। एनसीपी (शरद गुट) के सांसदों के परिसीमन विधेयक के विरोध में मतदान करने का दावा भी किया।

मुंबई एनसीपी (शरद गुट) के विधायक रोहित पवार ने परिसीमन को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि परिसीमन केवल एक नाम है। इसके जरिए वार्ड और प्रभागों की तरह विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं को तोड़ने का काम किया जा रहा है। यदि ऐसा हुआ तो देश में लोकतंत्र कायम नहीं रहेगा।

रोहित पवार ने आरोप लगाया कि भाजपा इस दिशा में वर्ष 2016 से काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी राजनीतिक भूमिका कभी नहीं बदलते हैं। यदि उनकी भूमिका को लेकर किसी के मन में कोई संदेह है तो उसे दूर कर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिसीमन विधेयक में 50 प्रतिशत या कोई अन्य प्रावधान हो, एनसीपी (शरद गुट) के सभी सांसद इस विधेयक के विरोध में मतदान करेंगे।

सुनेत्रा पवार को काम से देना चाहिए जवाब

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल द्वारा उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को लेकर की गई ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहित पवार ने कहा कि सुनेत्रा पवार के पास राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी है और जनता को उनसे काफी अपेक्षाएं हैं। उन्हें विपक्ष की आलोचना का जवाब अपने काम से देना चाहिए। साहसिक फैसले लेकर उन्हें अपनी क्षमता साबित करनी चाहिए।

विधेयक पेश होने के दिन खुल जाएगा सबका रुख

परिसीमन विधेयक को लेकर रोहित पवार ने कहा कि आगामी 17 तारीख तक इंतजार करना होगा, क्योंकि अभी काफी राजनीतिक घटनाक्रम होना बाकी है। जिस दिन यह विधेयक संसद में पेश होगा, उस दिन यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन इसके विरोध में मतदान करता है और कौन अचानक गायब हो जाता है।

उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात निर्वाचन क्षेत्रों के विकास कार्यों और किसानों के मुद्दों को लेकर होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मिलना आसान नहीं होता। इसलिए इस मुलाकात और परिसीमन विधेयक पर मतदान को अलग-अलग देखा जाना चाहिए। मतदान के दिन ही सभी की वास्तविक भूमिका सामने आ जाएगी।

Share This Article