जडेजा की नो बॉल ने फिर छीना विकेट, टेस्ट करियर में 10वीं बार ओवरस्टेपिंग से गंवाया मौका!

Thecity news
4 Min Read

गॉल टेस्ट में रवींद्र जडेजा एक बार फिर नो बॉल के चलते विकेट लेने से चूक गए। धनंजय डि सिल्वा का विकेट गंवाने के साथ ही जडेजा के नो बॉल से विकेट खोने के पुराने मामले भी चर्चा में आ गए हैं।

गॉल टेस्ट में रवींद्र जडेजा के साथ एक बार फिर वही हुआ, जिसका सामना वह अपने टेस्ट करियर में कई बार कर चुके हैं। जडेजा ने श्रीलंका के टेस्ट कप्तान धनंजय डि सिल्वा को आउट कर दिया था, लेकिन उनकी गेंद नो बॉल निकली। ओवरस्टेपिंग के कारण जडेजा को विकेट नहीं मिला।

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब जडेजा की नो बॉल ने उनका विकेट छीन लिया हो। टेस्ट क्रिकेट में वह कई बार ओवरस्टेपिंग के चलते अहम विकेट लेने से चूक चुके हैं।

एबी डिवीलियर्स से करुणारत्ने तक गंवाए विकेट

2015 में मोहाली टेस्ट में रवींद्र जडेजा ने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिवीलियर्स को आउट किया था, लेकिन जिस गेंद पर विकेट मिला, वह नो बॉल थी। इसके चलते डिवीलियर्स को जीवनदान मिल गया।

2017 के नागपुर टेस्ट में श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने भी जडेजा की ओवरस्टेपिंग का शिकार बनने से बच गए। उसी साल दिल्ली टेस्ट में एंजलो मैथ्यूज और दिनेश चांदीमल को आउट करने का मौका भी जडेजा ने नो बॉल के कारण गंवा दिया।

ब्रूक्स और हेनरी निकल्स भी बचे

2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्स्टन टेस्ट में जडेजा ने शमारा ब्रूक्स को आउट किया था, लेकिन उनका पैर क्रीज से आगे था। गेंद नो बॉल करार दी गई और ब्रूक्स को जीवनदान मिल गया।

इसके अगले साल 2020 में क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड के हेनरी निकल्स के साथ भी यही हुआ। जडेजा ने उन्हें आउट किया, लेकिन ओवरस्टेपिंग के कारण गेंद नो बॉल घोषित कर दी गई।

2023 में तीन बार गंवाए अहम विकेट

2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में जडेजा की ओवरस्टेपिंग ने तीन बार उन्हें विकेट से दूर कर दिया।

नागपुर टेस्ट में स्टीव स्मिथ उनका शिकार बनते-बनते बच गए। अगर वह विकेट मिल जाता तो स्मिथ जडेजा का टेस्ट क्रिकेट में 250वां शिकार बन सकते थे। इसके बाद इंदौर टेस्ट में मार्नस लाबुशेन और दिल्ली टेस्ट में पीटर हैंड्सकॉम्ब भी जडेजा की नो बॉल के कारण आउट होने से बच गए।

पांच साल में सबसे ज्यादा नो बॉल फेंकने वाले स्पिनर

आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले पांच साल में जडेजा की नो बॉल की समस्या और स्पष्ट दिखाई देती है। 2021 से अब तक उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अकेले 84 नो बॉल फेंकी हैं।

इस अवधि में नो बॉल फेंकने वाले स्पिनरों की सूची में जडेजा सबसे ऊपर हैं। पाकिस्तान के नोमान अली 40 नो बॉल के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जो जडेजा की संख्या के आधे से भी कम है।

जडेजा दुनिया के बेहतरीन टेस्ट ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं, लेकिन बार-बार ओवरस्टेपिंग के कारण अहम विकेट गंवाना उनके लिए चिंता का विषय बना हुआ है। गॉल टेस्ट में धनंजय डि सिल्वा का विकेट भी इसी कड़ी में जुड़ गया है।

Share This Article