दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत में 2,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। वहीं चांदी भी 730 रुपये महंगी होकर 2,40,730 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिल रही है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। खुदरा विक्रेताओं और स्टॉकिस्टों की ओर से लिवाली बढ़ने के कारण लगातार दूसरे सत्र में सोने की कीमतों में उछाल आया है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच स्थानीय स्तर पर सोने की मजबूत मांग के चलते सर्राफा बाजार में तेजी बनी हुई है।
यह तेजी ऐसे समय में देखने को मिल रही है, जब पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी देखी जा रही है।
सोने की कीमतों में आया जोरदार उछाल
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार के 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव से 2,000 रुपये बढ़कर 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
हालांकि, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 0.33 प्रतिशत यानी 505 रुपये गिरकर 1,53,757 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत की बात करें तो दिल्ली और लखनऊ में यह 1,56,040 रुपये प्रति 10 ग्राम रही। मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु और चेन्नई में सोने का भाव 1,55,890 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं पटना में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,940 रुपये प्रति 10 ग्राम रही।
चांदी भी हुई महंगी
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। दो सत्रों तक 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहने के बाद चांदी की कीमत 730 रुपये बढ़कर 2,40,730 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
वहीं गुडरिटर्न्स के अनुसार, आज चांदी की कीमत बढ़कर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम के ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है।
बुलियन्स के अनुसार, 22 कैरेट सोने की कीमत 1,41,689 रुपये प्रति 10 ग्राम रही, जबकि 18 कैरेट सोने का भाव 1,15,928 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। वहीं 925 स्टर्लिंग चांदी की कीमत 2,15,784 रुपये प्रति किलोग्राम और 900 कॉइन चांदी का भाव 2,09,952 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
पश्चिम एशिया के तनाव का बाजार पर असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर कीमती धातुओं की कीमतों पर देखने को मिल रहा है। शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव के बीच सोना 4,392 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है।
कोटक सिक्योरिटीज की कायनात चैनवाला के अनुसार, गिरावट के बावजूद सोने और चांदी के लिए बाजार का माहौल सकारात्मक बना हुआ है। इसकी एक बड़ी वजह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में नरमी की उम्मीद है।
वैश्विक बाजार में हाजिर सोना 0.5 प्रतिशत गिरकर 4,394.57 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इसके बावजूद भू-राजनीतिक तनाव और बाजार की अनिश्चितता के कारण निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर देख रहे हैं।

