झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, 39 भर्ती परीक्षाएं रद्द और 6 स्थगित; डिप्टी कलेक्टर से असिस्टेंट प्रोफेसर तक शामिल

Thecity news
6 Min Read

जेएसपीसी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और गड़बड़ी को लेकर चल रही जांच के बीच झारखंड सरकार ने 45 परीक्षाओं पर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 39 परीक्षाएं रद्द कर दी हैं, जबकि 6 को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगें मानने के बाद राज्य सरकार अब अपने वादों को पूरा करने में जुट गई है। सरकार ने मंगलवार देर रात डिप्टी कलेक्टर और असिस्टेंट प्रोफेसर समेत 45 भर्ती परीक्षाओं पर बड़ा फैसला लिया। इन परीक्षाओं में भारी अनियमितता और गड़बड़ी पाए जाने के बाद इन्हें रद्द या स्थगित किया गया है। परीक्षाओं को रद्द करने या स्थगित करने को लेकर अलग-अलग 8 अधिसूचनाएं जारी की गई हैं।

झारखंड सरकार ने जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में अनियमितता को लेकर चल रही सीआईडी और एसआईटी जांच के बीच यह कदम उठाया है। मंगलवार देर रात जारी अधिसूचनाओं के मुताबिक, 39 परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं, जबकि 6 परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित रखा गया है। इनमें हाल की भर्तियों के साथ कई पुरानी परीक्षाएं भी शामिल हैं।

ड्रग इंस्पेक्टर से डेंटल डॉक्टर तक की भर्ती रद्द

रद्द की गई परीक्षाओं में वे परीक्षाएं भी शामिल हैं, जो साल 2014 से झारखंड लोक सेवा आयोग और आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल ने आयोजित की थीं। सरकार की ओर से रद्द की गई परीक्षाओं में डिप्टी कलेक्टर, ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, सहायक अभियंता, दंत चिकित्सक, सिविल जज, अतिरिक्त लोक अभियोजक और वन क्षेत्राधिकारी जैसे पदों की भर्ती परीक्षाएं शामिल हैं।

इसके अलावा सरकारी पॉलिटेक्निक में प्रवक्ता, सहायक वन संरक्षक, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी और अन्य प्रशासनिक तथा तकनीकी पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षाएं भी रद्द की गई हैं।

परीक्षाओं को रद्द करने या स्थगित करने के साथ ही सरकार ने जेपीएससी और जेएसएससी में अनियमितता और कदाचार से जुड़े मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का अनुरोध हाईकोर्ट से करने, दोनों आयोगों में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ बनाने और परीक्षा सुधार के लिए एक कमेटी गठित करने का फैसला लिया है। इसके अलावा जेपीएससी-जेएसएससी में आंतरिक सतर्कता प्रकोष्ठ बनाने की भी बात कही गई है।

टीडीपीएल के तहत हुई परीक्षाएं और परिणाम भी रद्द

सरकार ने बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ कौशल की अगुवाई में जेपीएससी-जेएसएससी में सुधार के लिए गठित समिति दो महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

इससे पहले सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में से एक जेएसएससी-संयुक्त स्नातक स्तर यानी सीजीएल परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की थी। साथ ही आउटसोर्स एजेंसी टीडीपीएल द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं और उसके जारी किए गए परिणामों को भी रद्द कर दिया गया।

रद्द की गई 39 प्रमुख परीक्षाएं

  1. विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक पदों की भर्ती — विज्ञापन 09/2025
  2. सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद (बैकलॉग) — विज्ञापन 10/2025
  3. सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद (नियमित) — विज्ञापन 11/2025
  4. ड्रग इंस्पेक्टर — विज्ञापन 12/2025
  5. सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (बैकलॉग) — विज्ञापन 02/2026
  6. सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (बैकलॉग) — विज्ञापन 03/2026
  7. सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (नियमित) — विज्ञापन 04/2026
  8. मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (सुपर स्पेशलिस्ट) — विज्ञापन 07/2026
  9. सिविल जज (जूनियर डिवीजन) — विज्ञापन 22/2023
  10. सहायक वन संरक्षक — विज्ञापन 03/2024
  11. फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर — विज्ञापन 04/2024
  12. सहायक लोक अभियोजक (बैकलॉग) — विज्ञापन 05/2025
  13. सहायक लोक अभियोजक (नियमित) — विज्ञापन 06/2025
  14. झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 — विज्ञापन 01/2026
  15. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 (बैकलॉग) — विज्ञापन 05/2026
  16. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 (बैकलॉग) — विज्ञापन 06/2026
  17. फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन 18/2023
  18. चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर — विज्ञापन 21/2023
  19. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 — विज्ञापन 01/2024
  20. 5वीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती — विज्ञापन 06/2013
  21. सिविल जज (जूनियर डिवीजन) — विज्ञापन 10/2015
  22. सिविल जज (जूनियर डिवीजन) विशेष भर्ती — विज्ञापन 11/2015
  23. मृदा संरक्षण पदाधिकारी — विज्ञापन 12/2015
  24. सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी — विज्ञापन 03/2015
  25. सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (बैकलॉग) — विज्ञापन 04/2015
  26. फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन 01/2016
  27. डेंटिस्ट (बेसिक कैडर) — विज्ञापन 02/2016
  28. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (बैकलॉग) — विज्ञापन 27/2017
  29. कॉमर्शियल टैक्सेस (लिमिटेड) परीक्षा — विज्ञापन 10/2010
  30. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2016 — विज्ञापन 23/2016
  31. जियोलॉजिस्ट एवं केमिस्ट भर्ती — विज्ञापन 01/2017 और 02/2017
  32. सहायक लोक अभियोजक — विज्ञापन 03/2018
  33. सिविल जज (जूनियर डिवीजन) नियमित — विज्ञापन 12/2018
  34. संयुक्त सहायक अभियंता भर्ती — विज्ञापन 05/2019
  35. संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2021 — विज्ञापन 01/2021
  36. डेंटल डॉक्टर भर्ती — विज्ञापन 01/2022
  37. 6वीं सीमित उप समाहर्ता — विज्ञापन 11/2018
  38. झारखंड पात्रता परीक्षा (जेईटी) 2024 — विज्ञापन 08/2025
  39. सीजीएल परीक्षा — विज्ञापन 10/2023

इन परीक्षाओं को एसआईटी और सीआईडी जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर रद्द किया गया है।

अगले आदेश तक स्थगित 6 परीक्षाएं

  1. फूड एनालिस्ट — विज्ञापन 05/2024
  2. डिप्टी डायरेक्टर, प्रॉसिक्यूशन — विज्ञापन 03/2025
  3. प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समकक्ष — विज्ञापन 04/2025
  4. इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज — विज्ञापन 01/2025
  5. बॉयलर इंस्पेक्टर — विज्ञापन 02/2025
  6. डायरेक्टर — विज्ञापन 07/2025
Share This Article