Team India Selection Policy: खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर BCCI का नया नियम, अब ‘200 प्रतिशत’ फिट होने पर ही मिलेगा मौका

Thecity news
3 Min Read

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), चयन समिति और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण अब खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए फिट घोषित करते समय अधिक सावधानी बरत रहे हैं। दरअसल, बीसीसीआई का सिस्टम ऐसी स्थिति से बचना चाहता है, जिसमें किसी खिलाड़ी को मैच या सीरीज के लिए चुना जाता है और सीरीज शुरू होने से पहले ही फिटनेस समस्या के कारण उसे बाहर होना पड़ता है। ऐसी घटनाओं को लेकर चयनकर्ताओं, कोच और बोर्ड की आलोचना भी हुई है। अब इससे बचने के लिए नई नीति अपनाई जा रही है।

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, यह नई नीति पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए अपनाई गई है। हर्षित राणा का मामला इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने करीब पांच महीने के ब्रेक के बाद जून में आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के जरिए वापसी की थी, लेकिन दो सप्ताह से भी कम समय में और दौरे के बीच ही चोटिल होकर फिर बाहर हो गए।

200 प्रतिशत फिट होना चाहिए खिलाड़ी

बीसीसीआई, सीओई और चयनकर्ता अब किसी खिलाड़ी को चयन के लिए उपलब्ध घोषित करने से पहले पूरी तरह आश्वस्त होना चाहते हैं। नीति से वाकिफ एक सूत्र के मुताबिक, बोर्ड अब किसी खिलाड़ी को रिलीज करने से पहले उसकी उपलब्धता को लेकर सिर्फ 100 प्रतिशत नहीं, बल्कि 200 प्रतिशत तक आश्वस्त होना चाहता है।

हर्षित राणा की जगह प्रिंस यादव को इंग्लैंड भेजा गया था। वहीं, श्रीलंका दौरे पर जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट भी भारत को चुनने पड़े थे। बुमराह की जगह आकिब नबी और साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को टेस्ट सीरीज के लिए चुना गया था।

इसके अलावा आयरलैंड दौरे के लिए नितीश कुमार रेड्डी की जगह अंतिम समय पर सूर्यांश शेडगे को चुना गया था। वहीं, वरुण चक्रवर्ती की जगह जिम्बाब्वे दौरे पर रवि बिश्नोई को भेजा गया था।

अफगानिस्तान सीरीज में कंडीशनल सिलेक्शन

ऐसे कई मामले सामने आने के बाद सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अब खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहा है। इसी वजह से हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए कुछ खिलाड़ियों का कंडीशनल सिलेक्शन किया गया है।

इसमें स्पष्ट किया गया है कि कुछ खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही खेलने के लिए उपलब्ध माना जाएगा। मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम में चार खिलाड़ी कंडीशनल पिक्स हैं। इनमें हर्षित राणा, जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी शामिल हैं।

बीसीसीआई की नई नीति का उद्देश्य खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अंतिम समय में होने वाले बदलावों और रिप्लेसमेंट की स्थिति को कम करना है, ताकि अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम की तैयारी प्रभावित न हो।

Share This Article