क्विंटन डि कॉक ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 में बल्ले से तूफान मचा दिया। 1 सितंबर को खेले गए टूर्नामेंट के 23वें मुकाबले में बारबाडोस ट्राइडेंट्स और सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स आमने-सामने थे। इस मैच में डि कॉक ने फर्स्ट डाउन पर बल्लेबाजी करते हुए 106 रन की तूफानी पारी खेली। उनके शतक की बदौलत बारबाडोस ट्राइडेंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 217 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
सिर्फ 18 गेंदों में बनाए 80 रन, 54वीं गेंद पर पूरा किया शतक
सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ क्विंटन डि कॉक ने 57 गेंदों में 106 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 185।96 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की।
डि कॉक की पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने अपने 106 में से 80 रन सिर्फ 18 गेंदों पर चौकों और छक्कों के जरिए बनाए। उन्होंने अपनी पारी की 54वीं गेंद पर शतक पूरा किया और इसके साथ ही मुकाबले में बारबाडोस ट्राइडेंट्स को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
डि कॉक का टी20 करियर का 10वां शतक
क्विंटन डि कॉक के टी20 करियर का यह 10वां शतक रहा। वहीं, CPL 2026 में उनके बल्ले से निकला यह दूसरा शतक है। डि कॉक ने CPL में साल 2022 में डेब्यू किया था और शुरुआत से ही बारबाडोस ट्राइडेंट्स का हिस्सा हैं।
बारबाडोस ट्राइडेंट्स के लिए अब तक खेले 35 मैचों की 34 पारियों में डि कॉक 1,152 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 7 अर्धशतक निकले हैं।
कार्टर ने भी जड़ा शानदार अर्धशतक
डि कॉक के शतक के अलावा बारबाडोस ट्राइडेंट्स के ओपनर कार्टर ने भी शानदार पारी खेली। उन्होंने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 36 गेंदों में 57 रन बनाए। उनकी पारी में 7 छक्के शामिल रहे।
116 रन की साझेदारी ने रखी बड़े स्कोर की नींव
मुकाबले में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। बारबाडोस ट्राइडेंट्स को महज 3 रन के स्कोर पर पहला झटका लग गया। इसके बाद कार्टर और क्विंटन डि कॉक ने पारी संभाली।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 116 रन की शानदार साझेदारी की। इस शतकीय साझेदारी ने बारबाडोस ट्राइडेंट्स को शुरुआती झटके से उबारा और टीम को 20 ओवर में 217 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

