भारत-पाकिस्तान मैच में इतिहास रचेंगी हरमनप्रीत कौर, 150 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने वाली बनेंगी पहली खिलाड़ी

Thecity news
3 Min Read

महिला टी20 एशिया कप 2026 में 5 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप-ए का अहम मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में मैदान पर उतरते ही भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर विश्व क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगी, जो महिला और पुरुष दोनों टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक कोई खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका है।

पाकिस्तान के खिलाफ मैच में बनेगा ऐतिहासिक रिकॉर्ड

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला हरमनप्रीत कौर के लिए बेहद खास रहने वाला है। वह जब पाकिस्तान के खिलाफ टॉस के लिए मैदान पर उतरेंगी, तो उनके नाम 150 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा।

हरमनप्रीत ने साल 2012 में भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल कप्तानी संभाली थी। इसके बाद से वह लगातार टीम की नेतृत्वकर्ता बनी हुई हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला उनकी कप्तानी का 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच होगा। इसके साथ ही वह महिला और पुरुष क्रिकेट को मिलाकर टी20 इंटरनेशनल में 150 मैचों में कप्तानी करने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।

149 मैचों में 87 जीत

हरमनप्रीत कौर ने अब तक 149 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी की है। उनके नेतृत्व में टीम इंडिया ने 87 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि 57 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, 5 मुकाबले रद्द रहे हैं।

उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने टी20 क्रिकेट में लगातार अपनी मजबूत पहचान बनाई है। लंबे समय तक कप्तानी करने के साथ हरमनप्रीत ने टीम को कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में नेतृत्व दिया है।

महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा कप्तानी

हरमनप्रीत कौर महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाली खिलाड़ी हैं। इस सूची में उनके बाद श्रीलंका की चमारी अटापट्टू का नाम आता है।

  • हरमनप्रीत कौर (भारत) — 149 मैच
  • चमारी अटापट्टू (श्रीलंका) — 121 मैच
  • मैरी बिमेन्यिमाना (रवांडा) — 101 मैच
  • मैग लेनिंग (ऑस्ट्रेलिया) — 100 मैच
  • नारुएमोल चाईवाई (थाईलैंड) — 98 मैच

कप्तानी के साथ बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन

हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी के दबाव को अपनी बल्लेबाजी पर हावी नहीं होने दिया है। उन्होंने बतौर कप्तान 149 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 136 पारियों में बल्लेबाजी की है और इस दौरान 32।68 के औसत से 3301 रन बनाए हैं।

उनके नाम कप्तान के रूप में एक शतक और 16 अर्धशतक भी दर्ज हैं। इस दौरान वह सिर्फ 4 पारियों में बिना खाता खोले पवेलियन लौटी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में कप्तानी का 150वां मैच पूरा करके हरमनप्रीत अपने शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जोड़ लेंगी।

Share This Article